बैकुंठपुर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गढेलपारा सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। पर्व को लेकर गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर जय छठी मैया सेवा समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। घाट की साफ-सफाई, रंग-रोगन, साज-सज्जा और प्रकाश व्यवस्था सहित श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर समिति के सदस्य लगातार जुटे हुए हैं। आयोजन को व्यवस्थित और भव्य बनाने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
जय छठी मैया सेवा समिति की अध्यक्ष अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने बताया कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति की उपासना का अद्भुत पर्व है। इस पर्व में श्रद्धालु परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं। छठव्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए लगभग 36 घंटे का निर्जला व्रत रखकर भगवान सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना करते हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा की विशेषता है कि इसमें अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ अगले दिन उदीयमान सूर्य की उपासना की जाती है। बांस के सूप और दउरा में फल, ठेकुआ, नारियल, गन्ना सहित पारंपरिक पूजन सामग्री सजाकर श्रद्धालु नदी और जलाशयों में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं। यह पर्व प्रकृति के प्रति सम्मान, स्वच्छता, संयम, समर्पण और पारिवारिक जिम्मेदारी का संदेश देता है।
चार दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान
इस वर्ष छठ महापर्व 13 नवंबर से 16 नवंबर तक मनाया जाएगा। 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ पर्व का शुभारंभ होगा। 14 नवंबर को खरना का अनुष्ठान किया जाएगा, जिसमें व्रती गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद तैयार कर पूजा-अर्चना करेंगे। 15 नवंबर को संध्या के समय अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। वहीं 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य देने के साथ व्रत का समापन होगा और व्रती पारण करेंगे।
सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है छठ
अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने कहा कि छठ पूजा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है। इस पर्व में सभी वर्गों के लोग आपसी भेदभाव भुलाकर एक साथ घाट पर पहुंचते हैं और परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। उन्होंने नगरवासियों, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से घाट की साफ-सफाई तथा आयोजन की व्यवस्थाओं में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जय छठी मैया सेवा समिति द्वारा छठव्रतियों की सुविधा, घाट की स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सहभागिता को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के सहयोग से भी स्वच्छता एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
अंत में अन्नपूर्णा प्रभाकर सिंह ने समस्त नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए गढेलपारा स्थित गेज नदी छठ घाट पर सपरिवार पहुंचकर पूजा-अर्चना में सहभागी बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग और सेवा भावना से यह महापर्व सामाजिक एकता, सद्भाव और भाईचारे का प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।



