नवनियुक्त ओबीसी महासभा जिलाध्यक्ष रविशंकर राजवाड़े का भव्य स्वागत एवं सम्मान, जिला कार्यकारिणी और ब्लॉक स्तर पर संगठन विस्तार को लेकर हुई चर्चा, युवाओं और महिलाओं की भागीदारी पर दिया जोर

Chandrakant Pargir


 

बैकुंठपुर, 11 नवंबर। सर्व अंबेडकर मूलनिवासी विचार मंच कोरिया के तत्वावधान में नवनियुक्त ओबीसी महासभा जिला अध्यक्ष रविशंकर राजवाड़े का स्वागत एवं सम्मान समारोह बैकुंठपुर स्थित विश्राम भवन के सभा कक्ष में गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न मूलनिवासी समाजों के प्रतिनिधियों एवं सामाजिक पदाधिकारियों ने शामिल होकर नवनियुक्त जिलाध्यक्ष को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर उपस्थित सामाजिक प्रतिनिधियों ने रविशंकर राजवाड़े का फूल-मालाओं, गुलदस्ते एवं शाल भेंटकर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम में सामाजिक एकजुटता, संगठन की मजबूती तथा समाज के हक और अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसी भी सामाजिक संगठन की वास्तविक ताकत उसकी एकजुटता, आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता में निहित होती है। शिक्षा, सामाजिक न्याय, समाज के अधिकारों और जनहित से जुड़े विषयों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए सभी मूलनिवासी समाजों को एक मंच पर आकर संगठित प्रयास करने की आवश्यकता है।

वक्ताओं ने संगठन में युवाओं के साथ मातृशक्ति की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन को व्यापक और मजबूत बनाने के लिए महिलाओं एवं युवाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी जानी चाहिए। इसके साथ ही जिला कार्यकारिणी तथा ब्लॉक स्तर की कार्यकारिणियों का गठन शीघ्र पूरा करने का सुझाव दिया गया, ताकि संगठन की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाया जा सके।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कुलदीप प्रजापति, अशोक लाल कुर्रे, कृष्णा प्रजापति, गनपत प्रसाद, डी.एल. भास्कर, ईश्वर दयाल राजवाड़े, राम नारायण साहू, प्रदीप पासवान, जवाहरलाल राजवाड़े, रामदास साहू, संतोष राजवाड़े, छत्तर साय राजवाड़े, स्वतंत्र महोबिया एवं संजय कुर्रे सहित अन्य सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में नवनियुक्त ओबीसी महासभा जिलाध्यक्ष रविशंकर राजवाड़े ने सभी अतिथियों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करने तथा समाज की एकजुटता एवं संगठन के विस्तार के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!