रेत विवाद ने लिया खूनी रूप, फॉर्च्यूनर को किया आग के हवाले, एक व्यक्ति जलकर हुआ खाक , 3 की हालत गंभीर, पुलिस जुटी जांच में

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर (कोरिया)। कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी से लगे ग्राम नवगई में मंगलवार देर रात रेत विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प ने एक जघन्य हत्याकांड का रूप ले लिया। पीड़ितों के मुताबिक लगभग 30 लोगों के समूह द्वारा एक फॉर्च्यूनर वाहन पर हमला कर उसे आग के हवाले कर दिया गया। घटना में वाहन में सवार भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की जलकर मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों का उपचार अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज में जारी है।




प्राप्त जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले एक टिपर वाहन से फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारी, जिससे वाहन के दरवाजे जाम हो गए और उसमें सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। इसके बाद वाहन पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। जबकि पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है, जो लोग वाहन का शीशा तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास कर रहे थे, उनके साथ भी मारपीट की गई। आग की चपेट में आने से भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। फॉर्च्यूनर के अंदर वो जलकर खाक हो गए।




घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी रात में ही मौके पर पहुंचे, और  पुलिस अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। 40 से 60 प्रतिशत तक झुलसे घायलों को पहले बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया।





रेत विवाद बना हिंसा की वजह


स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोनों पक्ष एक ही गांव के निवासी हैं और लंबे समय से रेत के कारोबार को लेकर उनके बीच विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर मृतक पक्ष के एक सदस्य ने आरोपियों के भतीजे के साथ मारपीट की थी। इसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया।




बताया जाता है कि रात में मृतक पक्ष अपने समर्थकों के साथ तीन वाहनों में सवार होकर आरोपियों के घर पहुंचा था। इसी दौरान विवाद ने उग्र रूप ले लिया और आरोपियों ने कथित तौर पर टिपर वाहन से हमला कर दिया। घटनास्थल से एक वाहन भागने में सफल रहा, जबकि दो वाहन फंस गए। इनमें से एक फॉर्च्यूनर को आग के हवाले कर दिया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।


पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और तनाव का माहौल है।

वही मामले में पुलिस और फोरेंसिक एक्सपर्ट जांच में जुटे है, उंसके बाद एफआईआर की जाएगी, तब मामले में पुलिस अपना बयान देगी। ताकि हमले के पीछे की सही कहानी सामने आ सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!