टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल, जंगल में मिला हाथी के शावक का सड़ा-गला शव, 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा शव, रेहन्द परिक्षेत्र में प्रभारियों की अदला-बदली के बीच निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

Chandrakant Pargir


 

कोरिया/सूरजपुर। गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जंगल में करीब 2 से 3 वर्ष के हाथी के शावक का सड़ा-गला शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में मोहरसोप-कछवारी मुख्य मार्ग के समीप जुड़वानिया लालमाटी जंगल में मिले इस शव ने टाइगर रिजर्व की वन्यजीव सुरक्षा और वन विभाग की नियमित गश्त व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सबसे चिंताजनक पहलू यह है कि शव की स्थिति देखकर उसके दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर जंगल में वन्यजीवों की निगरानी के लिए जिम्मेदार अमला कहां था और इतने संवेदनशील क्षेत्र में नियमित गश्त कितनी प्रभावी ढंग से की जा रही थी?

दूसरी ओर घटना के संबंध में टाइगर रिज़र्व से लेकर परिक्षेत्र अधिकारी तक कोई भी कुछ भी कहने को तैयार नही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृत शावक की उम्र लगभग दो से तीन वर्ष बताई जा रही है। हालांकि उसकी मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं है। शावक की मौत बीमारी, दुर्घटना, किसी अन्य वन्यजीव के हमले अथवा किसी दूसरी परिस्थिति में हुई, यह पोस्टमार्टम और विभागीय जांच के बाद ही सामने आएगा। लेकिन शव का कई दिनों तक जंगल में पड़े रहने की आशंका ने वन विभाग की निगरानी व्यवस्था को कठघरे में खड़ा कर दिया है।




रेहन्द परिक्षेत्र में प्रभार की उठापटक, निगरानी व्यवस्था पर सवाल

इस पूरे मामले में रेहन्द वन परिक्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था भी चर्चा के केंद्र में है। जानकारी के अनुसार, जिस क्षेत्र में हाथी के शावक का शव मिला है, उस रेहन्द परिक्षेत्र का अतिरिक्त प्रभार सोनहत के परिक्षेत्र अधिकारी श्याम प्रताप सिंह के पास था। इसके बाद 6 नवंबर 2026 को टाइगर रिजर्व के जनकपुर परिक्षेत्र अधिकारी शैलेश गुप्ता को रेहन्द परिक्षेत्र का अधिकारी नियुक्त किया गया। हालांकि जानकारी के अनुसार, उन्होंने अब तक परिक्षेत्र का प्रभार ग्रहण नहीं किया है।

ऐसे में यह सवाल स्वाभाविक है कि जब एक अधिकारी के पास अतिरिक्त प्रभार था और दूसरे अधिकारी की नियुक्ति के बाद भी प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई थी, तब क्षेत्र में नियमित गश्त, वन्यजीवों की गतिविधियों की निगरानी और मैदानी कर्मचारियों की जवाबदेही किसके नियंत्रण में थी? क्या इस दौरान वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पूरी तरह सक्रिय थी? यदि गश्ती दल नियमित रूप से जंगल में भ्रमण कर रहे थे, तो शावक का शव पहले क्यों नहीं दिखाई दिया?


उप निदेशक की अनुपस्थिति के बीच व्यवस्था पर सवाल

बताया जा रहा है कि टाइगर रिजर्व की उप निदेशक श्वेता काम्बोज अवकाश पर थीं और अब उनके वापस आने की जानकारी मिल रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक वो अपने कार्यालय नही पहुंच पाई थी। ऐसे संवेदनशील संरक्षित क्षेत्र में वरिष्ठ अधिकारी की अनुपस्थिति के दौरान वन्यजीव सुरक्षा, गश्त और मैदानी अमले की निगरानी की वैकल्पिक व्यवस्था कितनी प्रभावी थी, यह भी जांच का विषय है।

टाइगर रिजर्व जैसे संवेदनशील वन क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा केवल कागजी योजनाओं और गश्ती रजिस्टर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसके लिए नियमित पेट्रोलिंग, संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी, वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर और किसी भी असामान्य घटना की तत्काल सूचना देना बेहद जरूरी है। हाथी के शावक का शव मिलने की घटना ने इन सभी व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

शावक की मौत से ज्यादा चिंताजनक है निगरानी में संभावित चूक


हाथियों के झुंड में छोटे शावकों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में किसी शावक की मौत अपने आप में गंभीर घटना है। लेकिन यदि शव दो से तीन दिन तक जंगल में पड़ा रहा और इसकी जानकारी समय पर नहीं मिल सकी, तो यह वन विभाग की गश्त और सूचना तंत्र की कार्यप्रणाली की समीक्षा की मांग करता है।

अब आवश्यकता केवल शव का पोस्टमार्टम कराकर मौत का कारण पता लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भी जांच होनी चाहिए कि संबंधित क्षेत्र में पिछले दिनों किन अधिकारियों और कर्मचारियों की गश्ती ड्यूटी थी, कितनी बार पेट्रोलिंग हुई, गश्ती दल ने किन-किन स्थानों का निरीक्षण किया और शव मिलने की सूचना विभाग तक किस माध्यम से पहुंची।


सवाल यह है कि जिस टाइगर रिजर्व की जिम्मेदारी दुर्लभ वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा की है, वहां एक नन्हे हाथी के शव का कई दिनों तक पड़े रहने की नौबत क्यों आई? क्या यह महज एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है या इसके पीछे निगरानी व्यवस्था में गंभीर चूक है? इसका जवाब विभागीय जांच और अधिकारियों की जवाबदेही तय होने के बाद ही सामने आएगा।

वन्यजीव संरक्षण के नाम पर करोड़ों रुपये की योजनाएं और संसाधन खर्च किए जाते हैं, लेकिन यदि जंगल के भीतर वन्यजीवों की मौत की जानकारी समय पर नहीं मिलती, तो इन व्यवस्थाओं की उपयोगिता पर सवाल उठना लाजिमी है। अब देखना होगा कि टाइगर रिजर्व प्रबंधन इस मामले में केवल औपचारिक जांच करता है या वास्तव में जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय करता है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!