धान खरीदी के पहले दिन जामपारा केंद्र पहुंचे चार किसान, 122.80 क्विंटल धान की हुई आवक सर्वर की समस्या से कई केंद्रों में नहीं हो सका किसानों का थंब इम्प्रेशन, सीधे खाते में बोनस की राशि आने से किसान खुश

Chandrakant Pargir


 

बैकुंठपुर, कोरिया। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। खरीदी के पहले दिन कोरिया जिले के जामपारा धान उपार्जन केंद्र में चार किसान अपना धान बेचने पहुंचे। केंद्र में इन किसानों के टोकन के माध्यम से कुल 122.80 क्विंटल धान की खरीदी के लिए अनुमानित मात्रा दर्ज की गई।

 



जामपारा धान खरीदी केंद्र के नोडल अधिकारी एवं सहायक संचालक लाल सिंह आमरो ने बताया कि पहले दिन चार किसान धान बेचने पहुंचे और उन्होंने अपना धान विक्रय किया। खरीदी केंद्र में बिर नारायण साहू, धर्मेंद्र कुमार साहू, रोहित कुमार राजवाड़े और सुखेन के नाम से टोकन जारी किए गए थे। टोकन के अनुसार सबसे अधिक 84 क्विंटल धान बिर नारायण साहू का था, जबकि अन्य तीन किसानों के लिए क्रमशः 7.60, 17.60 और 13.60 क्विंटल धान की मात्रा दर्ज थी।

वहीं किसानों में सरकार की उस व्यवस्था को लेकर संतोष है, जिसके तहत बोनस की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की जाएगी। किसानों का मानना है कि सीधे खाते में राशि आने से उन्हें भुगतान प्राप्त करने में सुविधा होगी।




सर्वर की समस्या से थंब इम्प्रेशन में परेशानी

धान खरीदी से पहले राज्य सरकार ने किसानों का थंब इम्प्रेशन (अंगूठे का निशान) लेने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत धान बेचने आने वाले किसानों का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाना है। हालांकि खरीदी के पहले दिन सर्वर में तकनीकी दिक्कत के चलते कोरिया जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में किसानों का थंब इम्प्रेशन नहीं हो सका। इससे खरीदी प्रक्रिया के शुरुआती दिन ही तकनीकी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए। अब देखना होगा कि सर्वर की समस्या का समाधान कितनी जल्दी होता है, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!