बैकुंठपुर। आगामी नगर पालिका चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनावी मैदान में उतरने से पहले संगठन की स्थिति मजबूत करने और संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए पार्टी के चुनाव प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल और चुनाव सह प्रभारी और अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत लगातार बैठकें कर रहे हैं। गुरुवार से शुरू हुआ मैराथन बैठकों का दौर शुक्रवार को भी जारी रहा। चुनाव प्रभारियों के लगातार दिशा-निर्देशों और समीक्षा बैठकों से भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक तैयारियों में पसीना बहाना पड़ रहा है।
गुरुवार को दोनों चुनाव प्रभारियों ने पूरे दिन भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इसके बाद शुक्रवार को भी प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल बैकुंठपुर में डटे रहे। बताया जा रहा है कि बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, संभावित उम्मीदवारों की स्थिति समझने, मतदाताओं तक पहुंच बनाने और चुनावी मुद्दों को लेकर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। पार्टी की कोशिश है कि चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही संगठन अपनी कमजोरियों को दूर कर ले।
सामान्य सीट पर उम्मीदवार तलाशना बड़ी चुनौती
भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती सामान्य सीट पर जीत की संभावनाओं वाले मजबूत उम्मीदवार का चयन करना है। उम्मीदवार की सामाजिक स्वीकार्यता, राजनीतिक सक्रियता और स्थानीय समीकरणों को लेकर पार्टी को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। पूर्व में पटना नगर पंचायत की सामान्य सीट पर भाजपा ने आदिवासी कार्ड खेलकर चुनाव में सफलता हासिल की थी। लेकिन बैकुंठपुर नगर पालिका में उम्मीदवार चयन का गणित अलग दिखाई दे रहा है। यहां पार्टी को ऐसा चेहरा तलाशना होगा जो अलग-अलग सामाजिक और व्यावसायिक वर्गों के बीच अपनी पकड़ रखता हो।
व्यापारियों की नाराजगी और सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा
चुनावी तैयारियों के बीच भाजपा के लिए शहर के व्यापारियों की नाराजगी भी बड़ी चुनौती बन सकती है। एनएच-43 का बायपास निकल जाने के बाद शहर के व्यापार पर पड़ रहे असर को लेकर व्यापारी वर्ग में असंतोष की चर्चा है। व्यापारियों को आशंका है कि बायपास के कारण शहर में ग्राहकों की आवाजाही और कारोबार प्रभावित हो रहा है। दूसरी ओर सड़क चौड़ीकरण का मुद्दा भी शहर के लोगों के बीच चर्चा में है। ऐसे में चुनाव प्रभारी स्थानीय मुद्दों और नाराज वर्गों को लेकर पार्टी नेताओं को लगातार सक्रिय रहने के निर्देश दे रहे हैं। नाराज लोगों से संवाद स्थापित कर उन्हें साथ जोड़ने की रणनीति पर भी जोर दिया जा रहा है।
विकास कार्यों की सूची और पन्ना प्रमुखों पर मंथन
बैठकों में पूर्व में हुए विकास कार्यों की सूची को दुरुस्त करने और उसे आम मतदाताओं तक पहुंचाने की रणनीति भी बनाई जा रही है। पार्टी चाहती है कि चुनाव के दौरान विकास कार्यों को उपलब्धि के रूप में जनता के सामने रखा जाए। इसके साथ ही भाजपा के पुराने चुनावी फॉर्मूले पन्ना प्रमुख व्यवस्था को फिर से प्रभावी बनाने पर भी मंथन चल रहा है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने और मतदाता सूची के प्रत्येक पन्ने तक संगठन की पहुंच बनाने की कवायद की जा रही है।
अब देखना होगा कि कितना बदलेगा चुनावी माहौल
चुनाव प्रभारी बाबूलाल अग्रवाल और मंजूषा भगत जिस तरह लगातार बैठकें कर रहे हैं, उससे साफ है कि भाजपा इस बार नगर पालिका चुनाव को हल्के में लेने के मूड में नहीं है। संगठन की कमजोरियों को दूर करने, नाराज मतदाताओं को मनाने और मजबूत उम्मीदवार तलाशने की चुनौती सामने है। हालांकि बैठकों और दिशा-निर्देशों से भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कितने सक्रिय होते हैं तथा इसका असर चुनावी मैदान में कितना दिखाई देता है, यह आने वाला समय बताएगा। फिलहाल चुनावी तैयारी के नाम पर भाजपा संगठन में हलचल तेज हो गई है।

