बिना छड़ की पुलिया निर्माण पर घमासान, सरपंच-पंचों के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे ग्रामीण, आरसीसी पुलिया के एस्टीमेट में ही सरिया का प्रावधान नहीं होने का दावा, इंजीनियर और एसडीओ की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल; सोनहत क्षेत्र के पुलिया निर्माण कार्यों के एस्टीमेट की जांच की मांग

Chandrakant Pargir


 

बैकुंठपुर। कोरिया जिले के जनपद पंचायत सोनहत अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरपुर में बिना छड़ (सरिया) के पुलिया निर्माण को लेकर विवाद अब जिला मुख्यालय तक पहुंच गया है। बुधवार को ग्राम पंचायत के सरपंच, पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और कलेक्टर के नाम सामूहिक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में काफी संख्या में ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण को लेकर फैल रहे भ्रम और विवाद पर अपना पक्ष रखते हुए स्वीकृत निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है।



एस्टीमेट में ही नहीं था छड़ का प्रावधान, इंजीनियर की भूमिका पर सवाल

इस पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल निर्माण कार्य के एस्टीमेट को लेकर खड़ा हो रहा है। दरअसल, बिना छड़ के आरसीसी पुलिया निर्माण को लेकर जब विवाद गहराया तो स्वीकृत एस्टीमेट का अवलोकन किया गया। ग्रामीणों के अनुसार, एस्टीमेट में ही पुलिया निर्माण के लिए छड़ यानी सरिया का प्रावधान नहीं किया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इंजीनियर ने आरसीसी पुलिया का एस्टीमेट तैयार करते समय सरिया को शामिल क्यों नहीं किया? वहीं एसडीओ सहित अन्य तकनीकी अधिकारियों ने इस एस्टीमेट का परीक्षण और स्वीकृति किस तकनीकी आधार पर दी?


सोनहत की अन्य पुलियाओं के एस्टीमेट की भी हो जांच

ग्रामीणों और इस मामले से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि आवागमन के लिए बनाई जाने वाली आरसीसी पुलिया के एस्टीमेट में ही सरिया का प्रावधान नहीं है, तो यह केवल सुंदरपुर तक सीमित रहने वाला मामला नहीं है। सोनहत क्षेत्र में स्वीकृत अन्य पुलिया निर्माण कार्यों के एस्टीमेट की भी जांच होनी चाहिए। आखिर कितनी पुलियाओं के निर्माण में इसी तरह का एस्टीमेट तैयार किया गया है और तकनीकी अधिकारियों ने उन्हें किस आधार पर मंजूरी दी है, यह जांच का विषय है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि सुंदरपुर पुलिया निर्माण के एस्टीमेट, तकनीकी स्वीकृति और निर्माण प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए पुलिया निर्माण जल्द पूरा कराया जाए।


अब बड़ा सवाल यह है कि जब आरसीसी पुलिया के एस्टीमेट में ही सरिया शामिल नहीं था, तो इसके लिए जिम्मेदारी किसकी तय होगी? इंजीनियर द्वारा तैयार किए गए एस्टीमेट से लेकर एसडीओ और अन्य तकनीकी अधिकारियों की स्वीकृति तक पूरे मामले की जांच होने पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!