बैकुंठपुर। कायस्थ समाज द्वारा अपने आराध्य देव भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पूजन-अर्चन पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं हवन संपन्न किया गया। समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार कलम, दवात और बही-खातों का पूजन कर भगवान श्री चित्रगुप्त जी से सुख-समृद्धि, ज्ञान, शिक्षा एवं मंगलमय जीवन का आशीर्वाद मांगा।
कायस्थ समाज से जुड़े अंचल के साहित्यकार एवं मानवाधिकार के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र श्रीवास्तव ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की यम द्वितीया तिथि पर कायस्थ समाज के लोग अपने आराध्य भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा करते हैं। इस दिन कलम-दवात एवं बही-खातों का पारंपरिक पूजन कर श्री चित्रगुप्त मंत्र का लेखन किया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्री चित्रगुप्त सभी प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखते हैं तथा लेखकों को अक्षर और ज्ञान प्रदान करने वाले आराध्य देव हैं।
उन्होंने बताया कि इस पूजा का मुख्य उद्देश्य भगवान से सार्थक जीविका, निष्कलंक जीवन और विश्व कल्याण के लिए समर्पित ज्ञान एवं शिक्षा का आशीर्वाद प्राप्त करना है। कायस्थ समाज भगवान श्री चित्रगुप्त जी को बौद्धिक संपन्नता, न्यायप्रियता और लेखन परंपरा का प्रतीक मानता है।
इसी अवसर पर समाज की महिलाओं एवं बेटियों द्वारा पारंपरिक रूप से भूमि पर गोबर से आकृतियां बनाकर मूसल आदि से गोधन कूटने की रस्म निभाई गई। भाई दूज के अवसर पर भाइयों को चना-बूट खिलाकर उनकी लंबी आयु, सुख-समृद्धि एवं कल्याण की कामना की गई। इस तरह धार्मिक आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ कायस्थ समाज ने पर्व को उत्साहपूर्वक मनाया।


