बैकुंठपुर। मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं और मताधिकार की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को बैकुंठपुर स्थित राजीव भवन में ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत की। इस दौरान जिला स्तरीय संयुक्त बैठक और पत्रकारवार्ता आयोजित कर मतदाता सूची की पारदर्शिता, चुनावी प्रक्रिया और निर्वाचन आयोग की जवाबदेही से जुड़े मुद्दे उठाए गए।
कार्यक्रम में एआईसीसी पर्यवेक्षक देबासिस पटनायक, एआईसीसी सचिव एवं छत्तीसगढ़ सह-प्रभारी जरिता लैतफलांग, कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत तथा पीसीसी पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित बदलाव, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR), मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया, दोहरे पंजीकरण तथा निर्वाचन आयोग की जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता निष्पक्ष लोकतंत्र की बुनियाद है। पार्टी ने मतदाता सूची में हुए बदलावों का विस्तृत विवरण सार्वजनिक करने, संदिग्ध विसंगतियों की स्वतंत्र एवं समयबद्ध जांच तथा प्रभावित मतदाताओं को नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार का पर्याप्त अवसर देने की मांग की।
1 नवंबर को दिल्ली में राष्ट्रीय रैली
बैठक में बताया गया कि 1 नवंबर 2026 को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन के सहयोगी दलों के साथ राष्ट्रीय रैली आयोजित की जाएगी। कांग्रेस ने कोरिया जिले से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। बैठक में रैली की तैयारियों और जिले से कांग्रेसजनों की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर चर्चा की गई।
बूथ और पंचायत स्तर तक पहुंचेगा अभियान
कांग्रेस ने अभियान को गांव और बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति बनाई है। इसके तहत गांवों में चौपाल लगाकर लोगों से संवाद करने और बूथ एवं पंचायत स्तर पर मतदाता सूचियों के सत्यापन का अभियान चलाने की बात कही गई। संगठन के ब्लॉक, मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ बीएलए को भी अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता सहित नेताओं ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता के मताधिकार की रक्षा करना और चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास मजबूत करना है। इसके लिए जनसंपर्क, चौपाल और मतदाता सूची के सत्यापन के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पूर्व विधायक गुलाब कमरो, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, वेदांती तिवारी, कोषाध्यक्ष अशोक जायसवाल, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव ‘लल्ला’, सुरेश सिंह, अजीत लकड़ा, प्रवीर भट्टाचार्य, बंशगोपाल, शैलेन्द्र सिंह, अजय सिंह, हेमसागर यादव सहित जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, पार्षद, नगरपालिका बैकुंठपुर एवं शिवपुर-चरचा के अध्यक्ष पद के दावेदार तथा बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


