बैकुंठपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के विजन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम है। युवाओं की प्रतिभा को सही दिशा और अवसर मिले तो छत्तीसगढ़ विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। यह बात छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर ने नवीन गर्ल्स कॉलेज, बैकुंठपुर में आयोजित ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम में कही।
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्री तोमर ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि आज के दौर में केवल किताबी शिक्षा पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपने हुनर, कौशल, जिज्ञासा और रचनात्मक सोच को लगातार विकसित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उसे सही दिशा देने की है।
उन्होंने युवाओं से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को अपनाने और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग करने की अपील की। खेल जगत की उपलब्धियों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी और ज्ञानेश्वरी देवी से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने युवाओं को सफलता हासिल करने के बाद भी माता-पिता के संघर्ष और योगदान को कभी नहीं भूलने की सीख दी।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवार चेम्बर ऑफ कॉमर्स कोरिया के जिलाध्यक्ष शारदा प्रसाद गुप्ता, सीए प्रशांत गुप्ता, भाजपा मीडिया प्रभारी तीरथ राजवाड़े, पार्षद संजय जायसवाल, सतेंद्र राजवाड़े, मनोज सोनवानी, जय चक्रधारी, विकास दुबे और राकेश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा, नागरिक एवं अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर नवीन गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रंजना कच्छप ने अतिथियों, वक्ताओं, आयोजकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया।





