पटना-पंडोपारा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ऑटो सवार तीन महिलाओं की मौत, तेज रफ्तार पिकअप ने पहले बैल को मारी टक्कर, फिर ऑटो को रौंदा; 8 से 10 लोग घायल, 2-3 की हालत गंभीर

Chandrakant Pargir


कोरिया। जिले के पटना थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 7:20 बजे पटना-पंडोपारा मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने पहले सड़क पर जा रहे एक बैल को जोरदार टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पिकअप ने सामने से आ रहे ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क से करीब दो फीट अंदर जा घुसा।




बताया जा रहा है कि ऑटो में 13 से 14 महिलाएं सवार थीं, जो करही पारा से बिलरो गांव तेरही कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। हादसे में करीब 8 से 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 2 से 3 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।


हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान तीन महिलाओं की मौत की पुष्टि हुई है। मृतकों के शव अस्पताल की मरचुरी में रखे गए हैं। अन्य घायलों का उपचार जारी है।



मृतकों में प्रारंभिक रूप से फूलकुंवर (45), रामबाई (62), और फूलकुंवर (52) के नाम सामने आए हैं। हालांकि मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या एवं पहचान की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन द्वारा की जानी बाकी है।




घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पहुंच गए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप गुप्ता समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। वहीं जिला प्रशासन ने पटना तहसीलदार समेत संबंधित अधिकारियों को अस्पताल भेजा, जहां घायलों के उपचार और घटना की स्थिति की जानकारी ली जा रही है।


पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और पिकअप वाहन के चालक के संबंध में जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!