दशहरे पर बैकुंठपुर में निकली विशाल हिंदू शोभायात्रा, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा शहर

Chandrakant Pargir


 

बैकुंठपुर। दशहरा पर्व के अवसर पर कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी विशाल हिंदू शोभायात्रा का आयोजन किया गया। प्रेमाबाग से शुरू हुई शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, नागरिक और श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे यात्रा मार्ग में “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।




शोभायात्रा के शुभारंभ से पहले प्रेमाबाग स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना की गई। सीए प्रशान्त गुप्ता, प्रभाकर सिंह, आशीष यादव (लल्ला यादव), रजनीश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने भगवान श्रीराम की पूजा कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद का वितरण किया गया और विधिवत रूप से शोभायात्रा की शुरुआत की गई।



शोभायात्रा प्रेमाबाग से रवाना होकर नए बस स्टैंड पहुंची। इसके बाद यात्रा फव्वारा चौक, कुमार चौक सहित शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर आगे बढ़ी। शोभायात्रा में शामिल युवा हाथों में भगवा ध्वज लेकर चल रहे थे, वहीं बड़ी संख्या में युवा बाइक पर सवार होकर भगवा झंडे लहराते हुए यात्रा में शामिल हुए। रास्तेभर जय श्रीराम के नारों से शहर का माहौल गूंजायमान रहा।



युवाओं में दिखा खासा उत्साह

शोभायात्रा में युवाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली। बाइक सवार युवाओं की टोली भगवा ध्वज के साथ यात्रा में शामिल हुई। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। दशहरे के अवसर पर निकाली गई इस यात्रा को लेकर शहर में लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रा के दौरान धार्मिक उत्साह और पर्व की उमंग का माहौल बना रहा।



सुरक्षा को लेकर प्रशासन रहा सतर्क

शोभायात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी पुलिसकर्मी तैनात रहे। शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर पुलिस की निगरानी रही, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और पर्व शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

दशहरे के अवसर पर निकली इस विशाल शोभायात्रा के चलते बैकुंठपुर शहर में पूरे दिन धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा। यात्रा के समापन तक बड़ी संख्या में लोग इसमें शामिल रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!