बैकुण्ठपुर/सोनहत। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम धनपुर में शनिवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से कक्षा दूसरी की मासूम छात्रा प्रिंसी की मौत के बाद शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। घटना के कुछ ही घंटों बाद जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल, सोनहत के प्राचार्य/प्रबंधक को नोटिस जारी कर विद्यालय की मान्यता समाप्त किए जाने की कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी पत्र में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा में घोर लापरवाही तथा स्कूल बस संचालन के लिए जारी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने को गंभीरता से लिया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से 12 सितंबर 2026 को जारी पत्र क्रमांक 4695 में 12 सितंबर को ग्राम धनपुर में हुई बस दुर्घटना का हवाला देते हुए कहा गया है कि विद्यालय की स्वामित्व वाली बस की चपेट में आने से कक्षा दूसरी में अध्ययनरत छात्रा प्रिंसी की मृत्यु हुई है। पत्र में कहा गया है कि घटना से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा में लापरवाही स्पष्ट होती है तथा स्कूल बसों के संचालन के लिए विभाग द्वारा समय-समय पर जारी सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया। शिक्षा विभाग ने इसे शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 के उल्लंघन से भी जोड़ा है।
दो दिन में देना होगा जवाब
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल प्रबंधन से पूछा है कि उच्च कार्यालय द्वारा जारी आदेश एवं निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के कारण विद्यालय की मान्यता समाप्त करने की कार्रवाई क्यों न की जाए। स्कूल प्रबंधन को इस संबंध में अपना लिखित स्पष्टीकरण दो दिवस के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में उपस्थित होकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे साफ है कि विभाग ने मामले को सामान्य दुर्घटना के तौर पर नहीं लेते हुए स्कूल प्रबंधन की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्था की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद चालक पुलिस हिरासत में
घटना के बाद फरार बताए जा रहे स्कूल बस चालक को पुलिस ने पकड़कर हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा हादसे की परिस्थितियों और चालक की भूमिका की जांच की जा रही है। स्कूल बस को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।
कलेक्टर और एसपी को भी दी गई जानकारी
शिक्षा विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी नोटिस जानकारी कलेक्टर कोरिया, पुलिस अधीक्षक कोरिया और संयुक्त संचालक शिक्षा, सरगुजा संभाग अंबिकापुर को भी भेजी है। इससे मामले में प्रशासन और शिक्षा विभाग के स्तर पर निगरानी बढ़ने के संकेत हैं।
सुबह घर से निकली थी प्रिंसी, लौटकर नहीं आई
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे प्रिंसी स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल बस की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृत छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया गया, वही जिला प्रशासन ने सहायता राशि भी प्रदान की। वहीं शिक्षा विभाग की इस त्वरित कार्रवाई के बाद अब स्कूल प्रबंधन के जवाब और पुलिस जांच पर सभी की नजरें टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर स्कूल बस संचालन में ऐसी कौन-सी चूक हुई, जिसकी कीमत एक मासूम बच्ची को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।


