बैकुंठपुर। शहर के जूनापारा स्थित मौहरी के पीछे मोहल्ले में दिनदहाड़े चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। कुदरतुनिशा के घर को चोरों ने सुबह करीब 10 से 11 बजे के बीच निशाना बनाया। घर में घुसे चोरों ने दो अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी और गहने चोरी कर लिए। चोरी के बाद कुछ जरूरी दस्तावेज और सामान चोपन गांव के पास मिले। वहां के लोगों ने आधार कार्ड और पासबुक मिलने पर कुदरतुनिशा को फोन कर इसकी जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घर में टूटे अलमारियों और अन्य स्थानों का जायजा लेते हुए चोरी से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों के आने-जाने के रास्ते और संभावित सुरागों की जानकारी ली जा रही है। चोपन में मिले दस्तावेजों को भी जांच के नजरिए से देखा जा रहा है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस की गश्त व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

