बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ राज्य लोकसेवा आयोग (CGPSC) की राज्य सेवा परीक्षा 2024 एवं 2025 की परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने बुधवार को राजीव भवन में पत्रकारवार्ता आयोजित कर आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कांग्रेस ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए साक्षात्कार प्रक्रिया को फिलहाल स्थगित करने, अभ्यर्थियों की उत्तर-पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने तथा उनका पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की है।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने पत्रकारवार्ता में कहा कि वर्ष 2025 में 265 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई है। कांग्रेस के अनुसार नियमानुसार 1:3 के अनुपात में 795 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाना चाहिए, जबकि आयोग द्वारा 608 अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार के लिए चयनित किया गया है। कांग्रेस ने आयोग के उस तर्क पर सवाल उठाया, जिसमें शेष 187 अभ्यर्थियों के न्यूनतम अंक प्राप्त नहीं करने की बात कही गई है। कांग्रेस ने पूरे मामले की पारदर्शी तरीके से जांच कराने की मांग की।
उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन पर भी सवाल
पत्रकारवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने राज्य सेवा परीक्षा 2024 की कुछ उत्तर-पुस्तिकाओं का हवाला देते हुए मूल्यांकन प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि कुछ मामलों में समान एवं सही उत्तर लिखे जाने के बावजूद अभ्यर्थियों को अलग-अलग अंक दिए गए हैं। वहीं, कुछ ऐसे उत्तरों पर भी अंक दिए जाने की शिकायत सामने आने की बात कही गई, जिन्हें कांग्रेस ने गलत बताया। पार्टी ने कहा कि यदि मूल्यांकन प्रक्रिया में ऐसी विसंगतियां हैं तो इससे हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य पर असर पड़ सकता है।
कांग्रेस ने मांग की कि साक्षात्कार शुरू होने से पहले परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्ष समीक्षा की जाए। सभी अभ्यर्थियों की उत्तर-पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाएं, उत्तर-पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराया जाए तथा परीक्षा के मॉडल उत्तर सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही मूल्यांकन में अपनाए गए मानदंडों को स्पष्ट करने और सभी परीक्षार्थियों के लिए एक समान मूल्यांकन व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।
साक्षात्कार प्रक्रिया रोकने की मांग
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक उत्तर-पुस्तिकाओं के मूल्यांकन से जुड़े सवालों का समाधान नहीं हो जाता, तब तक साक्षात्कार प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए। पार्टी ने 1:3 के अनुपात में अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि परीक्षा में शामिल युवाओं को उनकी मेहनत और प्रदर्शन के आधार पर निष्पक्ष अवसर मिलना चाहिए तथा आयोग को पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बरतनी चाहिए।
पत्रकारवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, जिला कांग्रेस महामंत्री बृजवासी तिवारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुख्तार अहमद, अजय सिंह, विकास श्रीवास्तव, सौरभ गुप्ता, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, जाग्रत कुर्रे, राजेश कुर्रे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

