बैकुंठपुर। स्व. श्री रामधनी गुप्ता ‘गुल्लू भईया’ की स्मृति में प्रेमाबाग परिसर बैकुंठपुर में आयोजित अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला कुश्ती प्रतियोगिता में शनिवार को बारिश के कारण कुछ देर के लिए रुके मुकाबले एक बार फिर शुरू हो गए। बारिश थमने के बाद जैसे ही अखाड़े में पहलवान उतरे, कुश्ती देखने के लिए दर्शकों की भीड़ और बढ़ गई। एक के बाद एक पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले हुए और उनके दांव-पेंच ने दर्शकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया।
कुश्ती के दौरान अखाड़े में जहां पहलवानों के बीच घमासान देखने को मिला, वहीं दर्शकों के बीच हंसी-ठिठौली और उत्साह का माहौल बना रहा। बारिश के बाद मैदान में दर्शकों की संख्या और बढ़ गई। बड़ी संख्या में लोग कुश्ती देखने के लिए प्रेमाबाग परिसर में डटे रहे और हर जोरदार दांव पर तालियों एवं उत्साह के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाते नजर आए। आयोजन को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
आयोजन स्थल पर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी सजग नजर आया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की मौजूदगी रही, ताकि प्रतियोगिता शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। आयोजन स्थल पर आयोजक सीए प्रशांत गुप्ता के साथ क्षेत्र के कई स्थानीय नेता और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
दो दिवसीय इस प्रतियोगिता का दूसरा दिन रविवार, 16 अगस्त को भी प्रेमाबाग परिसर में जारी रहेगा। रविवार को भी पुरुष एवं महिला पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले होंगे। अखिल भारतीय स्तर की इस प्रतियोगिता को देखने के लिए बैकुंठपुर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है। फिलहाल प्रेमाबाग परिसर में कुश्ती के दांव-पेंच, तालियों की गूंज और दर्शकों का उत्साह लगातार बना हुआ है।





