बैकुंठपुर। कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई बैकुंठपुर शहर की बहुप्रतीक्षित सड़क चौड़ीकरण की मुहिम अब भाजपा सरकार के ढाई साल बाद एक बार फिर जमीन पर दिखाई देने लगी है। बुधवार को तहसीलदार शुभ कोशले के नेतृत्व में नजूल आरआई मुकेश प्रताप सिंह, राजस्व अमला, पटवारी, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ व इंजीनियर सहित पूरा प्रशासनिक अमला शहर के मध्य से गुजरने वाली मुख्य सड़क पर पहुंचा और सड़क चौड़ीकरण के लिए नए सिरे से नपाई शुरू की।
नपाई के दौरान सड़क के मध्य बिंदु से दोनों ओर 9-9 मीटर क्षेत्र की माप की जा रही है। प्रारंभिक नपाई में सामने आया है कि बड़ी संख्या में दुकानें और निर्माण प्रस्तावित सड़क की जद में आ रहे हैं। कुछ दुकानों का करीब 90 प्रतिशत हिस्सा तक प्रभावित होने की स्थिति बन रही है। इससे व्यापारियों और दुकानदारों के बीच भी चौड़ीकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
मुआवजे का प्रावधान, डिवाइडर और स्ट्रीट लाइट भी
अधिकारियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण से प्रभावित होने वाले लोगों के लिए प्रशासन द्वारा मुआवजे का प्रावधान किया गया है। चौड़ीकरण के साथ विद्युत पोल की शिफ्टिंग, सड़क का नवनिर्माण और बीच में डिवाइडर बनाए जाने की योजना है। सड़क के मध्य डिवाइडर पर आकर्षक स्ट्रीट लाइट लगाए जाने की भी व्यवस्था प्रस्तावित है। यानी चौड़ीकरण के बाद शहर की मुख्य सड़क को नए स्वरूप में विकसित करने की तैयारी है।
2010 से चल रही है नपाई की कहानी
बैकुंठपुर की इस सड़क के चौड़ीकरण की कहानी नई नहीं है। वर्ष 2010 से अब तक कई बार सड़क की नपाई हो चुकी है। अलग-अलग समय में प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण को लेकर कवायद की, लेकिन मामला आगे नहीं बढ़ सका। तत्कालीन कलेक्टर ऋतु सैन के कार्यकाल में भी दुकानों पर चौड़ीकरण को लेकर क्रॉस के निशान लगाए गए थे। इसके बाद कांग्रेस सरकार के समय तत्कालीन कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सड़क नापने सड़क पर उतरे थे, मामला बिल्कुल आगे नही बढ़ा, वर्तमान भाजपा सरकार में तत्कालीन कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के कार्यकाल में भी सड़क चौड़ीकरण को लेकर सिर्फ बातें सामने आती रही। पदस्थापना के दूसरे दिन ही उनके द्वारा सड़क पर खुद खड़े होकर नपाई करवाने की तस्वीरें सामने आई थीं और यह मामला मीडिया की सुर्खियों में रहा था। सिर्फ चौड़ीकरण का भौकाल बना रहा, हालांकि उनका कार्यकाल पूरा हो गया, लेकिन सड़क चौड़ीकरण धरातल पर नहीं उतर सका।
सचिव के दौरे के बाद मिली रफ्तार
लंबे समय से कागजों और नपाई तक सीमित सड़क चौड़ीकरण की कवायद को अब प्रशासन गंभीरता से आगे बढ़ाता नजर आ रहा है। हाल ही में पीडब्ल्यूडी विभाग के सचिव मुकेश बंसल के कोरिया प्रवास के दौरान जिला प्रशासन ने बैकुंठपुर शहर की मुख्य सड़क के चौड़ीकरण की आवश्यकता और इसके विस्तार को लेकर विस्तार से जानकारी दी थी। बताया जाता है कि सचिव ने सड़क चौड़ीकरण की आवश्यकता पर तत्काल सहमति जताते हुए आवश्यक प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग ने इस दिशा में कार्रवाई तेज कर दी है।
अब नपाई के बाद निर्माण का इंतजार
फिलहाल बारिश का मौसम होने के कारण तत्काल निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना कम है। प्रशासनिक स्तर पर चल रही कवायद और नपाई को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि बारिश समाप्त होने के बाद सर्दियों के शुरुआती दौर में सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू हो सकता है।
हालांकि इस बार भी शहरवासियों की निगाहें नपाई के बाद होने वाली वास्तविक कार्रवाई पर टिकी हैं। क्योंकि बैकुंठपुर में सड़क चौड़ीकरण की घोषणा, नपाई और निशान लगाने की कवायद पिछले डेढ़ दशक में कई बार हो चुकी है। अब देखना होगा कि इस बार वर्षों से लंबित यह योजना वास्तव में सड़क पर उतरती है या फिर एक बार फिर चौड़ीकरण की कहानी नपाई तक ही सीमित रह जाती है।






