स्वीकृत विकास कार्यों की समीक्षा की मांग, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन पाथवे सहित चार कार्यों पर उठाए सवाल, मानस भवन के पास पार्क की जगह पालिका बाजार बनाने का दिया सुझाव

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर, 10 अगस्त 2026। नगर पालिका बैकुंठपुर में अधोसंरचना मद से स्वीकृत विकास कार्यों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने पुनर्विचार की मांग उठाई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने सोमवार को कोरिया कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर नगर पालिका क्षेत्र में स्वीकृत 13 विकास कार्यों में से कुछ कार्यों की उपयोगिता पर पुनर्विचार करने की मांग की।

कांग्रेस के अनुसार इन 13 कार्यों के लिए कुल 300.64 लाख रुपये की राशि स्वीकृत है। ज्ञापन में विशेष रूप से एनएच-43 के दोनों ओर एसईसीएल कार्यालय से मुक्तिधाम तक प्रस्तावित पाथवे निर्माण पर सवाल उठाया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि खरवत से जमगहना तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य प्रस्तावित है। ऐसे में यदि सड़क चौड़ीकरण से पहले पाथवे का निर्माण कराया जाता है और बाद में सड़क विस्तार के दौरान उसे हटाना पड़ता है, तो शासकीय राशि के दोहरे व्यय की स्थिति बन सकती है।

इसके अलावा प्रमिला होंडा से नगर पालिका परिसर तक बीटी सड़क निर्माण, इंदिरा पार्क के सामने से जनपद तिराहा तक सड़क मरम्मत तथा मानस भवन के पास पार्क निर्माण सहित चार कार्यों पर भी पुनर्विचार की मांग की गई है। कांग्रेस ने मानस भवन के पास प्रस्तावित पार्क की जगह पालिका बाजार विकसित करने का सुझाव दिया। पार्टी का कहना है कि इससे स्थानीय युवाओं और छोटे व्यापारियों को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं तथा नगर पालिका को भी आय का स्रोत प्राप्त होगा।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि सभी प्रस्तावित कार्यों का स्थल निरीक्षण कर उनकी वास्तविक आवश्यकता का आकलन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वीकृत राशि को ऐसे विकास कार्यों में लगाया जाए, जिनकी शहर को वास्तव में आवश्यकता है। उन्होंने आगामी नगरपालिका चुनावों का हवाला देते हुए विकास कार्यों का क्रियान्वयन चुनाव के बाद शुरू करने की मांग भी की, ताकि सरकारी विकास कार्यों के जरिए चुनाव प्रभावित होने की किसी भी संभावना को रोका जा सके।

प्रदीप गुप्ता ने कहा कि जनता के पैसों का उपयोग दिखावे या राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि शहर की वास्तविक जरूरतों को पूरा करने के लिए होना चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वह आगे भी आवाज उठाती रहेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, जिला महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’, रियाजउद्दीन, दीपक गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!