बिलासपुर। व्यापार और उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों को लेकर छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की प्रांतीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक बिलासपुर के होटल ग्रांड लोटस में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे व्यापारिक प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने व्यापारिक गतिविधियों के विस्तार, व्यापारियों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा की।
प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिनिधियों ने स्थानीय स्तर पर व्यापारियों के सामने आने वाली प्रशासनिक एवं व्यावहारिक दिक्कतों को प्रदेश नेतृत्व के समक्ष रखा। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि व्यापार और उद्योग के विकास के लिए बेहतर अधोसंरचना के साथ-साथ व्यापारियों को अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है।
बैठक में कोरिया जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता ने जिले के छोटे, मध्यम और बड़े व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से रखा। उन्होंने कहा कि कोरिया में व्यापारिक गतिविधियों को गति देने के लिए बाजारों और व्यापारिक क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। साथ ही प्रशासनिक स्तर पर व्यापारियों को होने वाली व्यावहारिक परेशानियों के त्वरित समाधान की आवश्यकता बताई।
शारदा गुप्ता ने प्रदेश नेतृत्व के समक्ष कोरिया जिले में व्यापार एवं उद्योग की संभावनाओं का मुद्दा भी रखा और कहा कि अधोसंरचना के विकास के साथ स्थानीय व्यापार को नई दिशा दी जा सकती है। उन्होंने व्यापारियों की समस्याओं को प्रांतीय स्तर पर प्राथमिकता के साथ उठाए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
बैठक में कोरिया जिलाध्यक्ष शारदा गुप्ता, प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र शर्मा एवं संरक्षक नसीम असदक सहित प्रदेशभर से आए चैंबर के पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान व्यापारिक हितों के संरक्षण और प्रदेश में उद्योग-व्यापार के व्यवस्थित विस्तार को लेकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।


