सोलर पंप से पानी लेने से रोकने और धमकी देने की शिकायत, ग्रामीण ने कलेक्टर से लगाई गुहार

Chandrakant Pargir

 


बैकुण्ठपुर। जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे सोनहत जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत चकडाड़ के खड़ियापारा निवासी धर्मजीतराम ने गांव में स्थापित शासकीय सोलर पंप से पानी लेने से रोके जाने की शिकायत कलेक्टर कोरिया से की है। उन्होंने आवेदन सौंपकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।


आवेदन के अनुसार, गांव में शासन द्वारा स्थापित सोलर पंप का कुछ लोगों द्वारा निजी उपयोग किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने सोलर पंप पर पाइप लगाकर कब्जा कर रखा है और उन्हें पीने के लिए पानी लेने नहीं दिया जाता। इसके कारण उनके सामने पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है।


धर्मजीतराम ने यह भी आरोप लगाया है कि पाइप हटाने का प्रयास करने पर उनके साथ गाली-गलौज की जाती है तथा जान से मारने की धमकी दी जाती है। आवेदन में उन्होंने यह भी उल्लेख किया है कि उनका अटल आवास तोड़ दिया गया है, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह इस संबंध में थाना सोनहत भी पहुंचे थे, लेकिन वहां उनकी शिकायत दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने जनदर्शन में कलेक्टर को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!