विधायक रामकुमार टोप्पो प्रकरण में दो नामजद आरोपी पुलिस के समक्ष पेश, वैधानिक कार्रवाई
सीतापुर/रायपुर। नायब तहसीलदार तुषार मानिक द्वारा दर्ज कराए गए मामले में पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। थाना सीतापुर में दर्ज अपराध क्रमांक 190/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला कायम कर विवेचना की जा रही है। पुलिस के अनुसार, बुधवार को प्रकरण के नामजद आरोपी नाजीम रजा (34 वर्ष), निवासी ग्राम पेट तथा पंकज गुप्ता (30 वर्ष), निवासी ग्राम कोटछाल, थाना सीतापुर, पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए। दोनों आरोपियों की उपस्थिति दर्ज कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि मामला अभी विवेचनाधीन है और जांच जारी है।
इधर, विधायक रामकुमार टोप्पो से जुड़े इस प्रकरण को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदारों का आंदोलन और तेज हो गया है। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक संघ के बैनर तले तहसीलदार कलमबंद और कामबंद हड़ताल पर हैं। बुधवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में तहसीलदार रायपुर पहुंचे और विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आंदोलन को पटवारी संघ का भी समर्थन मिल गया है, जिससे कई जिलों में राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। एफआईआर दर्ज होने और पुलिस जांच आगे बढ़ने के बावजूद फिलहाल विवाद का कोई समाधान नजर नहीं आ रहा है। ऐसे में सरकार, प्रशासन और आंदोलनकारी पक्ष के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


