रायपुर। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक से जुड़े विवाद के बाद प्रदेशभर में चल रहा तहसीलदारों का आंदोलन समाप्त हो गया है। छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक संघ द्वारा आंदोलन खत्म करने की घोषणा की गई है, जिसके बाद प्रदेश के करीब 500 तहसीलदार गुरुवार से अपने नियमित कार्यों पर लौटेंगे।
विवाद की शुरुआत विधायक की चचेरी बहन द्वारा नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाए जाने के बाद हुई थी। वहीं दूसरी ओर तहसीलदार पक्ष ने विधायक समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। इस मामले को लेकर प्रदेशभर के तहसीलदारों ने विरोध प्रदर्शन और काम बंद आंदोलन शुरू कर दिया था। बुधवार को मारपीट मामले में दो आरोपियों के न्यायालय में आत्मसमर्पण करने के बाद स्थिति सामान्य हुई और आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही राजस्व विभाग के लंबित कार्यों के फिर से पटरी पर लौटने की उम्मीद जताई जा रही है।

