सीतापुर। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद ने प्रदेशभर में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा छेड़ दी है। दोनों पक्षों की शिकायतों पर एफआईआर दर्ज होने के बाद मामला पुलिस जांच के दायरे में है, लेकिन अब तक विवाद की मूल वजह और घटनाक्रम की पूरी तस्वीर स्पष्ट नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर इस मामले को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जहां बड़ी संख्या में लोग राजस्व व्यवस्था से जुड़ी परेशानियों का उल्लेख करते हुए अपनी राय व्यक्त कर रहे हैं।
दूसरी ओर विधायक की गिरफ्तारी को लेकर आज से प्रदेश भर के तहसीलदार, नायाब तहसीलदार अज से हड़ताल पर जाएंगे।
मामले में विधायक और राजस्व अधिकारियों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर वह कौन-सा राजस्व कार्य था, जिसके चलते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट, अभद्रता और आपराधिक प्रकरण तक पहुंच गया। विधायक को लेकर हुए घटनाक्रम, विरोध-प्रदर्शन और गिरफ्तारी की मांग जैसे घटनाक्रमों ने मामले को और अधिक चर्चित बना दिया, जबकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, विवाद का संबंध कथित रूप से शोध क्षमता प्रमाण पत्र (सॉल्वेंसी सर्टिफिकेट) से जुड़ा हो सकता है। राजस्व नियमों के अनुसार अनुसूचित क्षेत्रों में सॉल्वेंसी प्रमाण पत्र जारी करने के लिए निर्धारित भूमि स्वामित्व सहित अन्य दस्तावेजों की जांच की जाती है। ऐसे में कई सवाल उठ रहे हैं कि संबंधित आवेदक द्वारा आवेदन के साथ कौन-कौन से दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे, शपथ पत्र कब जमा किया गया था, आवेदन की प्रक्रिया किस चरण में थी और क्या निर्धारित समय सीमा से अधिक विलंब हुआ था। हालांकि इन बिंदुओं की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
इसी प्रकार यह भी जांच का विषय है कि आवेदक द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी तथ्यात्मकता है और क्या वास्तव में उसे लंबे समय तक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़े। दूसरी ओर, राजस्व अधिकारियों का पक्ष भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस और संबंधित प्रशासनिक स्तर पर पूरे मामले की जांच जारी है।
जांच पूरी होने और आधिकारिक तथ्यों के सामने आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, किस पक्ष के आरोप सही हैं और क्या प्रशासनिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या अन्य कारण इस विवाद के पीछे रहे। तब तक मामले को लेकर सामने आ रही सूचनाओं और दावों को जांच के निष्कर्ष के रूप में नहीं देखा जा सकता।

