बिजली व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर नागरिकों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Chandrakant Pargir

 

 


बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में बिजली व्यवस्था की बदहाली और सड़क सुरक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर गुरुवार को शहरवासियों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। नागरिकों ने बिजली आपूर्ति, जर्जर तारों, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, यातायात सुरक्षा तथा ट्रैफिक प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर आम जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

ज्ञापन में बताया गया कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। ट्रांसफार्मरों पर बढ़ते लोड के कारण उपकरणों के जलने की घटनाएं बढ़ रही हैं। नागरिकों ने मांग की कि मानक क्षमता वाले नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएं तथा मुख्य मार्गों पर लटक रहे जर्जर तारों को बदलकर सुरक्षित केबल बिछाए जाएं। साथ ही मेंटेनेंस के नाम पर होने वाली अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाने, मेंटेनेंस कार्यों की सार्वजनिक जानकारी देने तथा 24 घंटे संचालित टोल-फ्री हेल्पलाइन शुरू करने की मांग भी की गई।

शहर के गेज नदी पुल के पास स्थित टेढ़े मार्ग को भी दुर्घटना की दृष्टि से खतरनाक बताया गया। नागरिकों ने पुल के दोनों ओर हाई विजिबिलिटी रेडियम संकेतक लगाने तथा पुल और सड़क के जोड़ पर बनने वाले गड्ढों की स्थायी मरम्मत कराने की मांग रखी। इसके अलावा बड़े आयोजनों और खेल गतिविधियों के लिए एसईसीएल के खाली मैदान को आरक्षित करने का सुझाव दिया गया, जिससे रामानुज विद्यालय मैदान पर बढ़ता दबाव कम हो सके और शहर में ट्रैफिक जाम एवं पार्किंग की समस्या से राहत मिल सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान समाजसेवक एवं साहित्यकार संवर्त कुमार रूप, पार्षद मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक, पार्षद मनीष कुमार सिंह, पार्षद अभिनेंद्र सिंह चंदेल, शहीद अशरफी तथा महेंद्र सिंह सहित अन्य नागरिक मौजूद रहे। 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!