विश्व साइकिल दिवस पर निकली जागरूकता रैली, कलेक्टर व प्रभारी एसपी ने चलाई साइकिल

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर, 7 जून। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, कोरिया द्वारा रविवार को साइकिल रैली एवं जुम्बा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर रोक्तिमा यादव, प्रभारी पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, युवाओं और नागरिकों ने भाग लिया।



घड़ी चौक से प्रारंभ हुई साइकिल रैली महाविद्यालय मार्ग से होते हुए मिनी स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने स्वयं साइकिल चलाकर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नियमित साइकिल चलाना स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है तथा पर्यावरण संरक्षण में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से अपने दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन केवल एक दिन तक सीमित न रहें, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली जनआंदोलन का रूप लें।



कार्यक्रम में प्रभारी एसपी सुरेशा चौबे ने भी साइकिल चलाकर लोगों को फिटनेस के प्रति जागरूक किया। मिनी स्टेडियम में आयोजित जुम्बा सत्र में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन में एसडीएम उमेश पटेल, जितेंद्र गुप्ता, खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस जवान एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य फिट इंडिया अभियान के तहत युवाओं एवं आम नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।



#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!