बैकुण्ठपुर। जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत खंधौरा के साप्ताहिक हाट बाजार में लगातार हो रहे अवैध अतिक्रमण को लेकर सरपंच भुनेश्वरी सिरदार के साथ काफी संख्या में आये ग्रामीणों ने कलेक्टर कोरिया को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सरपंच ने आरोप लगाया है कि बाजार स्थल की जमीन पर धीरे-धीरे कब्जा किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण व्यापारियों और आम ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि खंधौरा का हाट बाजार क्षेत्र आसपास के लगभग पचास गांवों के लोगों के लिए प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। यहां छोटे ग्रामीण व्यापारी, सब्जी विक्रेता, दैनिक उपयोग की सामग्री बेचने वाले लोग तथा स्थानीय किसान अपने उत्पादों की बिक्री करने पहुंचते हैं। लेकिन बाजार स्थल पर लगातार बढ़ रहे अवैध कब्जों के कारण व्यापारियों को दुकान लगाने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है।
आवेदन में कहा गया है कि यदि समय रहते अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो भविष्य में बाजार की व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो सकती है। ग्रामीणों और व्यापारियों में भी इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। सरपंच ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार स्थल का सीमांकन कर अवैध कब्जों पर तत्काल रोक लगाई जाए और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए, ताकि ग्रामीणों को सुविधा मिल सके।
ग्राम पंचायत खंधौरा की सरपंच भुनेश्वरी सिरदार ने कहा कि हाट बाजार ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है और इसे बचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कलेक्टर से शीघ्र हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।



