बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के व्यस्ततम घड़ी चौक क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक की डिक्की तोड़कर 30 हजार रुपये चोरी करने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात उस समय हुई जब पंचायत सचिव कबीर दास जिला सहकारी बैंक से राशि निकालकर स्टाम्प लेने घड़ी चौक पहुंचे थे। घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और बाजार क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार पंचायत सचिव कबीर दास ने जिला सहकारी बैंक से 30 हजार रुपये का आहरण किया था। बैंक से निकलने के बाद वे घड़ी चौक स्थित पांडेय टाइपिंग दुकान के पास पहुंचे और अपनी बाइक खड़ी कर स्टाम्प लेने चले गए। इसी दौरान पहले से रेकी कर रहे दो युवकों ने मौके का फायदा उठाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक युवक नीली वर्दी पहने हुए था तथा उसके गले में बैच लटका हुआ था। वह लंगड़ाते हुए तेजी से बाइक के पास पहुंचा और कुछ ही सेकंड में बाइक की डिक्की तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली।
बताया जा रहा है कि दूसरा युवक पहले से बाइक स्टार्ट कर पास में खड़ा था। जैसे ही आरोपी ने रुपये निकाले, दोनों तेजी से मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोगों को कुछ समझ ही नहीं आया। जब तक पंचायत सचिव वापस लौटे, तब तक आरोपी फरार हो चुके थे और बाइक की डिक्की टूटी हुई मिली। डिक्की से नकदी गायब देखकर उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में आरोपी सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए हैं। फुटेज में एक आरोपी नीली वर्दी और गले में बैच लगाए दिखाई दे रहा है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपियों ने लोगों को भ्रमित करने के लिए किसी कर्मचारी या अधिकारी जैसा वेश धारण किया था। पुलिस अब फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
घड़ी चौक क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद व्यापारियों और आम लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं यह भी आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बैंक से ही पंचायत सचिव का पीछा कर रहे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



