नायब तहसीलदार से मारपीट मामले में बढ़ा विवाद, राजस्व निरीक्षक संघ ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

Chandrakant Pargir

 

अम्बिकापुर। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और राजापुर तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले में जहां दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर दर्ज की गई है, वहीं अब छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ भी नायब तहसीलदार के समर्थन में सामने आ गया है। संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से दोषियों पर सख्त और न्यायसंगत कार्रवाई की मांग की है।




छत्तीसगढ़ राजस्व निरीक्षक संघ जिला शाखा सूरजपुर के अध्यक्ष संतोष उपाध्याय ने कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा है कि 27 मई 2026 को तहसील कार्यालय में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक शासकीय कार्य का निर्वहन कर रहे थे, इसी दौरान सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो एवं उनके समर्थकों द्वारा अमर्यादित व्यवहार करते हुए मारपीट की गई। संघ ने कहा कि इस प्रकार की घटना से मैदानी अधिकारी एवं कर्मचारियों में भय का वातावरण है। यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर के राजस्व निरीक्षक सामूहिक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


दरअसल, पूरा विवाद विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी और नायब तहसीलदार तुषार मानिक के बीच हुई कहासुनी के बाद शुरू हुआ। इसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। नायब तहसीलदार तुषार मानिक की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने विधायक रामकुमार टोप्पो, यूसुफ, नाजिम राजा, पंकज गुप्ता सहित 10 लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 221, 221(1), 132 और 191(2) के तहत अपराध दर्ज किया। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राजपुर चौराहा के पास विधायक और उनके समर्थकों ने सार्वजनिक रूप से मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई।


वहीं दूसरी ओर विधायक की बहन सीमा धनकी की शिकायत पर भी नायब तहसीलदार तुषार मानिक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिला ने आरोप लगाया है कि तहसीलदार ने जातिगत गाली-गलौज की, अश्लील इशारे किए, अभद्रता करते हुए धक्का-मुक्की कर कार्यालय से बाहर निकाल दिया। इस शिकायत पर पुलिस ने नायब तहसीलदार के खिलाफ बीएनएस की धारा 296, 351(2) और 79 के तहत एफआईआर दर्ज की है।


पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक ओर विधायक और उनके समर्थकों पर गैर जमानती धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है, वहीं दूसरी ओर महिला उत्पीड़न के आरोप में नायब तहसीलदार के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मामले को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाओं का दौर जारी है।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!