कोरिया को मिली स्वास्थ्य सुविधाओं की बड़ी सौगात: नर्सिंग कॉलेज का भूमिपूजन, अटल आरोग्य लैब का लोकार्पण, 2027 में नए जिला अस्पताल भवन के लोकार्पण का किया ऐलान।

Chandrakant Pargir


 
बैकुंठपुर, कोरिया। जिले के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए शनिवार का दिन ऐतिहासिक रहा। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जिला अस्पताल परिसर पहुंचकर प्रस्तावित शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय का विधिवत भूमिपूजन किया तथा अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त अटल आरोग्य लैब का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जिला अस्पताल में नव निर्मित दवा वितरण कक्ष का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।




स्वास्थ्य मंत्री ने पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना से स्थानीय युवाओं को नर्सिंग शिक्षा के लिए दूसरे जिलों या राज्यों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।



जिला अस्पताल के अधूरे निर्माण पर कांग्रेस सरकार को घेरा


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से जिला अस्पताल भवन का निर्माण कार्य शुरू किया गया था, लेकिन भ्रष्टाचार और लापरवाही के कारण निर्माण कार्य अधूरा रह गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विकास कार्यों की बजाय भ्रष्टाचार में व्यस्त रही, जिसके चलते जनता को स्वास्थ्य सुविधाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पाया।




उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार की पहल और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिला अस्पताल भवन के लिए 23 करोड़ 59 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि स्वीकृत की गई है। इससे अस्पताल के अधूरे कार्यों को पूरा किया जा सकेगा। मंत्री ने कहा कि यह कोरिया जिले के लिए गर्व की बात है और प्रदेश सरकार जिले के विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध है।




अटल आरोग्य लैब में 136 प्रकार की जांच होगी निशुल्क


स्वास्थ्य मंत्री ने जिला अस्पताल में स्थापित अटल आरोग्य लैब को जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक लैब में एक बार में लगभग 110 नमूनों की जांच की जा सकेगी। लैब में 136 प्रकार की विभिन्न जांचें उपलब्ध रहेंगी, जिनका लाभ मरीजों को पूरी तरह निशुल्क मिलेगा।

उन्होंने कहा कि अब मरीजों को महंगी जांचों के लिए निजी लैबों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिला अस्पताल में ही आधुनिक मशीनों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी। यह सुविधा विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मरीजों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी।


दो नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी होंगे शुरू


स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी खोले जाएंगे। इससे ग्रामीण अंचलों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी और जिला मुख्यालय पर मरीजों का दबाव भी कम होगा।


स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से जिले को मिलेगा लाभ


कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। नर्सिंग कॉलेज, अटल आरोग्य लैब, दवा वितरण कक्ष और नए स्वास्थ्य केंद्रों की स्थापना से कोरिया जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिले के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार निरंतर कार्य करती रहेगी।

जिले में एक ही दिन में नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला, अत्याधुनिक लैब का शुभारंभ और नई स्वास्थ्य सुविधाओं की शुरुआत को स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि और महत्वपूर्ण सौगात बताया है।


स्वास्थ्य मंत्री ने 2027 में नए जिला अस्पताल के लोकार्पण का किया ऐलान


स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि 31 मई 2027 को कोरिया जिले के नए जिला अस्पताल भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसके लिए अस्पताल के आवश्यक सेटअप और संसाधनों की स्वीकृति भी प्रदान कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य कोरिया जिले को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक मॉडल जिला बनाना है, जहां लोगों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हों।


मंत्री ने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का दौर है और स्वास्थ्य क्षेत्र में नई तकनीकों का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बीमारी की समय पर पहचान करना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। आने वाले समय में ऐसी तकनीक और व्यवस्था विकसित की जा रही है कि यदि किसी स्थान पर डॉक्टर उपलब्ध नहीं भी हों, तब भी मरीजों को तत्काल आवश्यक उपचार और दवा उपलब्ध कराई जा सके।


उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि विभाग में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर उसकी निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंत्री ने इस दौरान एमसीबी जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, अस्पतालों के उन्नयन, नई जांच सुविधाओं और विभिन्न जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के तहत किए गए कार्यों की भी विस्तार से जानकारी दी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!