बैकुंठपुर। कोरिया जिले के बैकुण्ठपुर विकासखंड अंतर्गत करचाडाड़ (चारपारा) स्थित अघोर आश्रम में आगामी 27 मई 2026, बुधवार को ज्येष्ठ शुक्ल एकादशी के पावन अवसर पर भव्य सामूहिक विवाह महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। परमपूज्य अघोरेश्वर की असीम कृपा एवं आश्रम परिवार के सान्निध्य में आयोजित होने वाले इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं, सामाजिक जनों एवं क्षेत्रवासियों को सपरिवार उपस्थित होकर नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने का आग्रह किया है।
आश्रम प्रबंधन द्वारा जारी आमंत्रण के अनुसार विवाह समारोह प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होकर शाम 4 बजे तक चलेगा। इस दौरान कई नवयुगल वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक अनुष्ठान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ वैवाहिक बंधन में बंधेंगे। आयोजन स्थल को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप में सजाने की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
बताया जा रहा है कि अघोर आश्रम द्वारा हर वर्ष सामाजिक समरसता, सादगीपूर्ण विवाह एवं मानवीय सेवा की भावना को लेकर सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संस्कार उपलब्ध कराना, सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना तथा फिजूलखर्ची पर रोक लगाना है।
आश्रम से जुड़े सेवकों ने बताया कि विवाह महोत्सव में शामिल होने वाले वर-वधुओं के लिए आवश्यक वैवाहिक सामग्री, भोजन व्यवस्था, पूजन सामग्री तथा अन्य व्यवस्थाएं आश्रम परिवार की ओर से की जा रही हैं। कार्यक्रम में दूर-दराज के श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों एवं संत-समाज के प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है।
आयोजन समिति ने कहा कि सामूहिक विवाह केवल दो व्यक्तियों का नहीं बल्कि दो परिवारों और समाज को जोड़ने वाला संस्कार है। ऐसे आयोजनों से समाज में समानता, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम को लेकर अघोर आश्रम करचाडाड़ में विशेष तैयारियां की जा रही हैं। आश्रम परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यापक तैयारियां जारी हैं। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने एवं नवयुगलों को अपना आशीर्वाद देने की अपील की है।


