नगरीय निकाय चुनाव की तैयारी तेज, भाजपा ने बनाई प्रदेश चुनाव टोली, संतोष पाण्डेय समेत सात वरिष्ठ नेताओं को मिली अहम जिम्मेदारी, आईटी, सोशल मीडिया और मीडिया टीम भी गठित

Chandrakant Pargir


 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने आगामी नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर प्रदेश चुनाव टोली का गठन करते हुए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी हैं। प्रदेश भाजपा कार्यालय से 3 नवंबर 2026 को जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार प्रदेश की चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों के संचालन के लिए सात नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है।

जारी आदेश के मुताबिक सांसद संतोष पाण्डेय को प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद की जिम्मेदारी के साथ चुनाव टोली में शामिल किया गया है। वहीं अभिषेक सोनी को प्रदेश महामंत्री भाजपा, भूपेंद्र सवन्नी को छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) का अध्यक्ष, सौरभ सिंह को छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम का अध्यक्ष, किशोर राय को प्रदेश संयोजक नगरीय निकाय प्रकोष्ठ, प्रफुल्ल विश्वकर्मा को छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड का अध्यक्ष तथा पंकज कुमार झा को मीडिया सलाहकार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।



आईटी, सोशल मीडिया और मीडिया टीम भी शामिल

चुनावी प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश चुनाव टोली में पदेन सदस्यों के रूप में आईटी सेल, सोशल मीडिया और मीडिया विभाग के पदाधिकारियों को भी शामिल किया गया है। इनमें सुनील पिल्लई को प्रदेश संयोजक आईटी सेल, मितुल कोठारी को प्रदेश संयोजक सोशल मीडिया तथा हेमंत पाणिग्रही को प्रदेश मीडिया संयोजक बनाया गया है। भाजपा का यह कदम चुनाव के दौरान डिजिटल प्रचार, सोशल मीडिया प्रबंधन और मीडिया समन्वय को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

तीन निकायों में भी चुनावी जिम्मेदारी तय

इधर तमनार, बड़ी करेली और बिलाईगढ़ में भी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर संगठनात्मक स्तर पर जिम्मेदारियां तय की गई हैं। इन निकायों में चुनावी गतिविधियों के संचालन के लिए प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने से स्थानीय स्तर पर भी भाजपा की चुनावी तैयारियों में तेजी आने की उम्मीद है।

प्रदेश भाजपा महामंत्री एवं मुख्यालय प्रभारी डॉ. नवीन मार्कण्डेय के हस्ताक्षर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। भाजपा के इस संगठनात्मक फेरबदल को आगामी नगरीय निकाय चुनाव में बेहतर समन्वय, रणनीति और प्रचार अभियान को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!