बैकुंठपुर। नवरात्रि पर्व एवं आगामी गरबा आयोजनों को देखते हुए जिले में शांति, कानून व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है। पुलिस अधीक्षक कोरिया हरीश राठौर ने शहर के विभिन्न गरबा एवं सांस्कृतिक आयोजन स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आयोजन समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों से चर्चा कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने आयोजन स्थलों पर प्रवेश एवं निकास द्वार, प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण, पार्किंग और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने समितियों को निर्देश दिए कि प्रमुख गरबा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थलों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और उन्हें पूरे आयोजन के दौरान चालू स्थिति में रखा जाए।
महिला और बच्चों की सुरक्षा पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने गरबा कार्यक्रमों में महिलाओं, युवतियों और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस बल के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। आयोजन समितियों को भी अपने स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने को कहा गया है।
ध्वनि सीमा और समय का करना होगा पालन
एसपी ने आयोजकों को शासन एवं न्यायालय द्वारा निर्धारित ध्वनि सीमा और समय-सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन स्थल के बाहर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करने को कहा गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
आईडी कार्ड वाले वॉलंटियर्स रहेंगे तैनात
भीड़ को नियंत्रित करने और पुलिस प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय के लिए आयोजन समितियों को पहचान पत्रयुक्त वॉलंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक ने समितियों एवं नागरिकों से नवरात्रि और गरबा आयोजनों को शांतिपूर्ण, गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तत्काल नजदीकी थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को दी जाए।



