वार्ड चलो अभियान के पहले दिन भाजपा को बड़ी सफलता, तीन बार के पार्षद संजय जायसवाल भाजपा में शामिल

Chandrakant Pargir


 


बैकुंठपुर। भारतीय जनता पार्टी के ‘वार्ड चलो अभियान’ के शुभारंभ के पहले ही दिन बैकुंठपुर में भाजपा को महत्वपूर्ण राजनीतिक सफलता मिली। वार्ड क्रमांक 20 जूनापारा के वर्तमान निर्दलीय पार्षद एवं क्षेत्र के लोकप्रिय युवा नेता संजय जायसवाल ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र तिवारी एवं बैकुंठपुर मंडल अध्यक्ष अनिल खटिक ने उन्हें विधिवत पार्टी की सदस्यता दिलाकर भाजपा परिवार में स्वागत किया।




संजय जायसवाल बैकुंठपुर नगर की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं और तीन बार पार्षद निर्वाचित होकर जनता का विश्वास हासिल कर चुके हैं। निर्दलीय पार्षद के रूप में भी उन्होंने वार्ड की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लगातार उठाया है। उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका के साथ-साथ सामाजिक क्षेत्र में भी पहचान रही है। वे सोशल एक्टिविस्ट के रूप में अन्याय और जनसमस्याओं के खिलाफ कई अभियानों का नेतृत्व कर चुके हैं, जिनमें उन्हें सफलता भी मिली है। स्थानीय स्तर पर जनहित के मुद्दों को लेकर मुखर रहने के कारण उनका अपना जनाधार माना जाता है।


भाजपा में शामिल होने के बाद संजय जायसवाल ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन तथा भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और नीतियों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने भाजपा के एक समर्पित एवं अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का संकल्प लिया।


संजय जायसवाल के भाजपा में शामिल होने को आगामी नगरपालिका चुनाव के लिहाज से भी महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। 3 बार के पार्षद और सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में उनकी क्षेत्र में सक्रियता को देखते हुए उनके भाजपा में आने से पार्टी को वार्ड स्तर पर संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि अनुभवी जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता संजय जायसवाल के पार्टी में शामिल होने से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। ‘वार्ड चलो अभियान’ के पहले दिन हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने बैकुंठपुर के आगामी नगरीय राजनीतिक समीकरणों को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!