बैकुण्ठपुर। नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर की सामान्य सभा की बैठक से पहले बुधवार को नगर पालिका में उस समय स्थिति गरमा गई, जब उपाध्यक्ष आशीष यादव समेत कई पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। उपाध्यक्ष आशीष यादव के साथ पार्षद संजय जायसवाल, धीरज शिवहरे, अन्नपूर्णा सिंह, साधना जायसवाल, बॉबी, राहुल गुप्ता, मनीष सिंह और ललिता सिंह बैठक में शामिल होने के बजाय सीएमओ के चेंबर के सामने जमीन पर बैठ गए। पार्षदों के इस विरोध के चलते नगर पालिका परिसर में काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
पार्षदों के जमीन पर बैठने के बाद मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने उनसे बातचीत करते हुए उन्हें वहां से उठने और मामले का समाधान बातचीत
के जरिए करने का आग्रह किया। इसके बाद नगर पालिका अध्यक्ष नविता शिवहरे भी स्वयं मौके पर पहुंचीं और विरोध कर रहे पार्षदों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि सभी पार्षदों ने अपनी-अपनी आपत्तियां और विरोध अध्यक्ष के सामने रखा। पार्षदों का कहना है कि सामान्य सभा की बैठक से पहले उनके द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा और उचित कार्रवाई आवश्यक है। विरोध के दौरान पार्षदों ने नगर पालिका के कामकाज और विभिन्न मामलों को लेकर अपनी नाराजगी जताई।
बताया गया कि पार्षदों की ओर से डीजल-पेट्रोल भुगतान, जलापूर्ति के लिए किए गए पाइपलाइन विस्तार कार्य, कार्यों की गुणवत्ता तथा नगर पालिका परिषद की बैठकों में पारदर्शिता जैसे मुद्दे उठाए गए हैं। पार्षदों की मांग है कि इन विषयों पर परिषद के समक्ष स्पष्ट चर्चा हो और आवश्यक निर्णय लिए जाएं। अध्यक्ष द्वारा पार्षदों को मनाने का प्रयास किए जाने के बावजूद विरोध की स्थिति बनी हुई है और पार्षदों का धरना/बहिष्कार जारी है। नगर पालिका में चल रहे इस घटनाक्रम को लेकर परिषद की सामान्य सभा की बैठक पर भी नजर बनी हुई है।



