जिला प्रशासन कोरिया में ‘सेवा दान महाअभियान’ की पहल, जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएगी उपयोगी सामग्री

Chandrakant Pargir


 बैकुंठपुर। कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश पर जिला कोरिया में जनभागीदारी के माध्यम से जरूरतमंदों तक उपयोगी सामग्री पहुंचाने के उद्देश्य से ‘सेवा दान महाअभियान’ शुरू किया जा रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता की सहभागिता से संचालित इस पहल के तहत जिलेवासियों से अपने घरों में उपलब्ध ऐसी उपयोगी वस्तुओं को दान करने की अपील की गई है, जिनका किसी जरूरतमंद व्यक्ति या बच्चे के जीवन में उपयोग हो सकता है।

‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। अभियान के माध्यम से लोगों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे जरूरतमंदों की सहायता के लिए अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दें। प्रशासन का मानना है कि छोटी-छोटी सहायता भी किसी के चेहरे पर बड़ी मुस्कान ला सकती है।


खिलौने से लेकर शैक्षणिक सामग्री तक कर सकेंगे दान

अभियान के तहत नागरिक बच्चों के खिलौने, सॉफ्ट टॉयज, शैक्षणिक खिलौने और खेल सामग्री दान कर सकते हैं। इसके अलावा बच्चों की शिक्षा में उपयोगी पुस्तकें, कॉपियां, कहानी की किताबें, स्कूली पाठ्यपुस्तकें, सामान्य ज्ञान की किताबें सहित अन्य उपयोगी शैक्षणिक सामग्री भी दान की जा सकती है।

जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता की सहभागिता में शिक्षा से जुड़ी सामग्री को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने की दिशा में भी अभियान को महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। घरों में रखी ऐसी किताबें और कॉपियां जिनका अब उपयोग नहीं हो रहा है, वे किसी अन्य बच्चे की पढ़ाई में काम आ सकती हैं।

साफ-सुथरे कपड़े भी कर सकेंगे दान

अभियान में साफ-सुथरे और अच्छी स्थिति वाले कपड़े भी स्वीकार किए जाएंगे। इनमें बच्चों, महिलाओं और पुरुषों के वस्त्र शामिल हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे ऐसी वस्तुएं ही दान करें, जो उपयोग के योग्य हों और जिन्हें जरूरतमंद परिवारों तक सम्मानपूर्वक पहुंचाया जा सके।

28 सितंबर को जिला कार्यालय में जमा होगी सामग्री

दान सामग्री जमा करने के लिए 28 सितंबर 2026 को जिला कार्यालय, बैकुंठपुर में व्यवस्था की गई है। नागरिक कलेक्टर अथवा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) से संपर्क कर अपनी दान सामग्री जमा कर सकते हैं।

1 अक्टूबर को विशेष दान आयोजन

अभियान के तहत 1 अक्टूबर 2026 को विशेष दान आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रामानुज मिनी स्टेडियम, बैकुंठपुर में होगा। इस दौरान जिलेवासी अपनी ओर से दान की गई सामग्री लेकर पहुंच सकते हैं और अभियान में सहभागी बन सकते हैं।

संस्थाओं और संगठनों से भी जुड़ने की अपील

कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान में सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और विभिन्न समूहों को भी जोड़ने की पहल की गई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं अभियान से जुड़ने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों और परिचितों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि घर में रखी एक छोटी-सी उपयोगी वस्तु किसी जरूरतमंद के लिए बड़ी मदद साबित हो सकती है। किसी बच्चे के लिए खिलौना, किसी विद्यार्थी के लिए किताब-कॉपी और किसी परिवार के लिए अच्छे कपड़े उसकी जरूरत पूरी करने के साथ चेहरे पर मुस्कान ला सकते हैं।

जिला प्रशासन ने कोरिया जिले के नागरिकों से ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना के साथ अधिक से अधिक संख्या में इस महाअभियान से जुड़ने की अपील की है, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सहयोग और समृद्ध कोरिया की दिशा में एक नई मिसाल कायम की जा सके।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!