सरडी गांव के 6 खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में चयन,पढ़ाई के साथ खेल में भी चमका कोरिया का सर्दी गांव, राष्ट्रीय स्तर पर चयन का लक्ष्य

Chandrakant Pargir


बैकुंठपुर। कोरिया जिले के छोटे से गांव सरडी के छह होनहार खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। रायगढ़ में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय अंडर-17 वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए कोरिया जिले की टीम में सरडी गॉव के छह खिलाड़ियों का चयन हुआ है। चयन के बाद शनिवार, 27 सितंबर 2026 को खिलाड़ी बैकुंठपुर रेलवे स्टेशन से रायगढ़ के लिए रवाना हुए।

महिला वर्ग में उषा राजवाड़े, जानवी देवांगन, बॉबी और मोनिका राजवाड़े का चयन हुआ है, जबकि पुरुष वर्ग में हिमांशु शर्मा और हरर्मेंद्र सिंह को टीम में जगह मिली है। खिलाड़ियों के साथ कोच विजेंद्र मानिकपुरी और आशीष कुमार चिकनजूरी भी टीम के साथ रायगढ़ के लिए रवाना हुए।

गांव के मैदान से राज्य स्तर तक पहुंची प्रतिभा

सरडी जैसे छोटे गांव से छह खिलाड़ियों का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इन खिलाड़ियों ने पढ़ाई के साथ नियमित रूप से वॉलीबॉल का अभ्यास करते हुए यह मुकाम हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव के अन्य बच्चों में भी खेल के प्रति उत्साह बढ़ा है।

खिलाड़ियों का कहना है कि पढ़ाई के साथ खेल को भी पर्याप्त समय देना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वे पूरी मेहनत और आत्मविश्वास के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। खिलाड़ियों ने कहा कि उनका लक्ष्य केवल राज्य स्तर तक सीमित नहीं है, बल्कि शानदार प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर की टीम में जगह बनाना है।

ग्रामीण प्रतिभाओं को मिले बेहतर अवसर

सरडी गांव के इन खिलाड़ियों की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि प्रतिभा बड़े शहरों की मोहताज नहीं होती। ग्रामीण क्षेत्रों में भी अनेक प्रतिभावान बच्चे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता रखते हैं। जरूरत है तो उन्हें बेहतर मैदान, प्रशिक्षण, खेल सामग्री और लगातार प्रोत्साहन देने की।

छह खिलाड़ियों के राज्य स्तरीय चयन से सरडी गॉव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई है कि वे रायगढ़ में शानदार प्रदर्शन कर कोरिया जिले और अपने गांव का नाम राज्य ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन करेंगे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!