सोनहत। आस्था जब जनभागीदारी से जुड़ती है तो संकल्प को नई शक्ति मिलती है। सोनहत में भगवान शिव के मंदिर निर्माण को लेकर ऐसा ही धार्मिक और श्रद्धामय वातावरण देखने को मिला। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर श्री सोनेश्वर महादेव मंदिर निर्माण के लिए आयोजित सहयोग अभियान में करीब 250 श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार सहयोग दिया और देखते ही देखते महज एक घंटे में करीब एक लाख रुपये की नगद राशि एकत्रित हो गई। इसके साथ ही अनेक श्रद्धालुओं ने सीमेंट, रेत, गिट्टी, ईंट सहित अन्य निर्माण सामग्री उपलब्ध कराने का संकल्प भी लिया।
मंदिर निर्माण अभियान की शुरुआत सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू एवं मंदिर निर्माण समिति की पहल पर की गई है। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से भगवान श्री सोनेश्वर महादेव के मंदिर का निर्माण कर उसे क्षेत्र की धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। जन्माष्टमी के अवसर पर मिले उत्साहजनक सहयोग से समिति के सदस्यों में भी मंदिर निर्माण को लेकर उत्साह बढ़ा है।
विधि-विधान से हुई थी शिवलिंग की स्थापना
सोनहत के ख्याले में करीब एक वर्ष पूर्व विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव के शिवलिंग की स्थापना की गई थी। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान शिवलिंग का नामकरण श्री सोनेश्वर महादेव के रूप में किया गया। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती आशा सोनपाकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सीता कुमारी सोनपाकर सहित क्षेत्र के वरिष्ठजन ईश्वर राजवाड़े, भालक राजवाड़े, वीर राम राजवाड़े सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे थे।
शिवलिंग स्थापना के बाद मंदिर निर्माण की दिशा में शिला पूजन भी किया गया था। इसके पश्चात मंदिर निर्माण समिति का गठन कर स्थानीय श्रद्धालुओं और सनातन धर्मावलंबियों के सहयोग से मंदिर निर्माण के लिए राशि एवं निर्माण सामग्री जुटाने की पहल शुरू की गई।
जन्माष्टमी पर उमड़ी श्रद्धा, एक घंटे में एक लाख का सहयोग
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर मंदिर निर्माण के लिए श्रद्धालुओं से सहयोग का आह्वान किया गया। भगवान श्री सोनेश्वर महादेव के मंदिर निर्माण के संकल्प से जुड़े श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से सहयोग देना शुरू किया। किसी ने नगद राशि अर्पित की तो किसी ने मंदिर निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।
आयोजकों के अनुसार करीब एक घंटे में ही एक लाख रुपये की राशि एकत्रित हो गई। कई श्रद्धालुओं ने अपनी ओर से सीमेंट, रेत, गिट्टी, ईंट सहित अन्य आवश्यक सामग्री देने की जिम्मेदारी लेने की बात कही। कुछ लोगों ने मंदिर निर्माण के दौरान श्रम एवं अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग का भरोसा भी दिलाया।
विधायक से भी मांगा गया था सहयोग
शिवलिंग स्थापना के समय मंदिर निर्माण के लिए स्थानीय विधायक से भी सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की गई थी तथा उन्हें धार्मिक आयोजन में आमंत्रित किया गया था। मंच का कहना है कि मंदिर निर्माण की दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं होने के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और सनातन गौरव मंच ने अब जनसहयोग के माध्यम से मंदिर निर्माण को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है।
इसके बाद विधिवत शिला पूजन कर मंदिर निर्माण का संकल्प दोहराया गया और मंदिर निर्माण समिति के माध्यम से सहयोग जुटाने का अभियान प्रारंभ किया गया।
‘सोनेश्वर महादेव मंदिर आस्था का केंद्र होगा’
सनातन गौरव मंच के संयोजक मनोज साहू ने कहा कि श्री सोनेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और जनभागीदारी की भावना से किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह मंदिर किसी व्यक्ति या संगठन की निजी संपत्ति नहीं होगा, बल्कि सोनहत क्षेत्र के सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का केंद्र बनेगा। मंदिर निर्माण में प्रत्येक श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार योगदान कर सकता है। उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण को किसी राजनीतिक विरोध या समर्थन से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।
‘एक घंटे में एक लाख का सहयोग श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमाण’
मनोज साहू ने जन्माष्टमी के अवसर पर मिले सहयोग के लिए सोनहत क्षेत्र के लोगों एवं महादेव भक्तों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महज एक घंटे में एक लाख रुपये का सहयोग मिलना भगवान श्री सोनेश्वर महादेव के प्रति लोगों की आस्था और मंदिर निर्माण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने नगद राशि देने वाले श्रद्धालुओं के साथ-साथ निर्माण सामग्री देने का संकल्प लेने वाले सभी सहयोगियों का भी आभार जताया। समिति की ओर से आने वाले दिनों में क्षेत्र के अन्य श्रद्धालुओं से संपर्क कर मंदिर निर्माण के लिए सहयोग जुटाया जाएगा।
जनभागीदारी से भव्य मंदिर निर्माण का संकल्प
मंदिर निर्माण समिति और सनातन गौरव मंच ने जनभागीदारी के आधार पर श्री सोनेश्वर महादेव मंदिर को भव्य स्वरूप देने का संकल्प लिया है। समिति के अनुसार श्रद्धालुओं से प्राप्त राशि एवं निर्माण सामग्री का उपयोग मंदिर निर्माण में चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
जन्माष्टमी के पावन अवसर पर मिले जनसहयोग ने मंदिर निर्माण अभियान को नई गति दी है। अब समिति का प्रयास अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस धार्मिक अभियान से जोड़कर भगवान श्री सोनेश्वर महादेव के मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करना है।




