बैकुंठपुर, 4 सितम्बर। देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को बैकुंठपुर में ‘चीनी सत्याग्रह’ आयोजित किया। कांग्रेसजनों ने राजीव भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से गांधी पार्क तक सत्याग्रह मार्च निकालकर चीनी के बढ़ते दाम और बाजार में इसकी उपलब्धता से जुड़ी समस्याओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार से चीनी के बढ़े हुए दाम वापस लेने, कालाबाजारी पर रोक लगाने तथा बाजार में पर्याप्त एवं सुलभ उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई।
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि महात्मा गांधी ने आम जनता को राहत दिलाने और अंग्रेजी हुकूमत की नीतियों के विरोध में नमक सत्याग्रह किया था। आज भाजपा सरकार की नीतियों के कारण आम जनता महंगाई से परेशान है, इसलिए कांग्रेस को जनता की आवाज बनकर ‘चीनी सत्याग्रह’ करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा गन्ने से बड़े पैमाने पर इथेनॉल उत्पादन कर पेट्रोल में मिलाया जा रहा है, लेकिन इसका लाभ आम जनता को नहीं मिल रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि इथेनॉल नीति का लाभ आम जनता के बजाय केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के बेटे से जुड़े व्यावसायिक हितों को पहुंचाया जा रहा है।
चीनी की कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारत कभी चीनी का निर्यातक देश रहा है, लेकिन आज चीनी आयात करने की स्थिति बन रही है। इसका सीधा असर बाजार में चीनी की कीमतों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि LPG सिलेंडर, बिजली और खाद्य सामग्री की बढ़ती कीमतों ने गरीब, मध्यमवर्गीय और श्रमिक परिवारों का घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।
कांग्रेसजनों ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की कि चीनी की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए। बाजार में पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध कराई जाए तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
चीनी सत्याग्रह में जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, पूर्व जिला अध्यक्ष नजीर अजहर, पीसीसी सदस्य योगेश शुक्ला, संयुक्त प्रदेश महामंत्री वेदांती तिवारी, महामंत्री बृजवासी तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष बिहारी लाल राजवाड़े, आशीष यादव लल्ला, अजीत लकड़ा, वरिष्ठ कांग्रेसी मुख्तार अहमद, हेमसागर यादव, सुरेंद्र तिवारी, अजय सिंह, गणेश राजवाड़े, कृष्ण कुमार राजवाड़े, शैलेन्द्र सिंह, भूपेंद्र यादव, बिकास श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश राजवाड़े, दीपक गुप्ता, धीरज सिंह, यूसुफ इराकी, रियाजउद्दीन, रवि राजवाड़े, संगीता राजवाड़े, एजाज गुड्डू, दरोगी राजवाड़े, वसीम वकील, स्वतंत्र महोबिया, देव नारायण कुशवाहा, रामसाय सोरी, जाग्रत कुर्रे, अनिल सिंह, रामाधार टोप्पो, राजू भगत, इंद्रदेव पांडे, सत्यनारायण मोदी, राजेश कुर्रे, दिनेश यादव, काजू लकड़ा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



