बैकुंठपुर। वर्ष के अंत में प्रस्तावित नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए इस बार सामान्य अनारक्षित मुक्त सीट घोषित होने के बाद भाजपा में दावेदारों की सक्रियता बढ़ गई है। इसी क्रम में भाजपा के वरिष्ठ एवं सक्रिय कार्यकर्ता शारदा प्रसाद गुप्ता ने नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर के अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात कर अपनी इच्छा जाहिर की और पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी उम्मीदवारी के लिए अपना पक्ष रखा।
शारदा प्रसाद गुप्ता ने सबसे पहले भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र तिवारी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने बैकुंठपुर विधायक से भी भेंट कर अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इसके अलावा पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्ण बिहारी जायसवाल तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल खटीक से मुलाकात कर भी उन्होंने अपनी राजनीतिक एवं संगठनात्मक पृष्ठभूमि से अवगत कराया। बताया गया है कि लंबे समय से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे शारदा गुप्ता की अध्यक्ष पद की दावेदारी को लेकर क्षेत्र में चर्चा होती रही है।
छात्र राजनीति से शुरू हुआ सार्वजनिक जीवन
अपनी दावेदारी के संबंध में जारी प्रेस विज्ञप्ति में शारदा प्रसाद गुप्ता ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन और संगठनात्मक अनुभव का उल्लेख किया है। उन्होंने बताया कि उनकी सामाजिक एवं राजनीतिक यात्रा की शुरुआत छात्र जीवन से हुई। बैकुंठपुर महाविद्यालय में उन्होंने छात्रों की समस्याओं और आवाज को उठाने के उद्देश्य से छात्र संघर्ष समिति का गठन किया था।
इसके पूर्व वे बैकुंठपुर स्थित अपने विद्यालय सशिम बैकुंठपुर के प्रथम छात्रसंघ के लगातार दो बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। भोपाल के आवासीय विद्यालय शारदा विहार में भी वे छात्रसंघ सचिव के पद पर निर्वाचित हुए। उनका कहना है कि विद्या भारती के विद्यालयों में अध्ययन के दौरान ही उनके विचारों में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की नींव मजबूत हुई और वर्ष 1995 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से उनका पहला परिचय हुआ।
विद्यार्थी परिषद से संगठनात्मक सफर
संघ की विचारधारा से जुड़ाव के बाद शारदा गुप्ता ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के विभिन्न दायित्वों पर कार्य किया और जिला सहसंयोजक की जिम्मेदारी भी संभाली। महाविद्यालयीन चुनावों के प्रभारी के रूप में उन्होंने विद्यार्थी परिषद के लिए काम किया। उनके अनुसार उस दौरान छात्रसंघ चुनावों में परिषद ने बेहतर प्रदर्शन किया।
छात्र जीवन के दौरान वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल एवं अन्य पाठ्येतर गतिविधियों में भी सक्रिय रहे। शतरंज, खो-खो, कुश्ती और मलखंभ जैसे खेलों में प्रादेशिक एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने का दावा उन्होंने किया है। इसके अलावा आकाशवाणी कार्यक्रम, मंच संचालन, तात्कालिक भाषण, कविता पाठ, अभिनय, निबंध लेखन और सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं में भी भाग लेकर पुरस्कार प्राप्त करने की जानकारी दी गई है। शारदा गुप्ता के अनुसार, उनकी बहुआयामी प्रतिभा को देखते हुए शारदा विहार भोपाल में उनके छात्र जीवन के दौरान ही उनके लिए 'बेस्ट ऑलराउंडर' सम्मान की शुरुआत की गई थी।
भाजपा युवा मोर्चा से लेकर जिला मंत्री तक
प्रत्यक्ष राजनीतिक क्षेत्र में शारदा प्रसाद गुप्ता ने वर्ष 2010 से 2024 तक भाजपा युवा मोर्चा कोरिया में विभिन्न पदों पर काम करने की बात कही है। इसके बाद उन्होंने लोकसभा सोशल मीडिया संयोजक, कोरबा के रूप में भी संगठनात्मक जिम्मेदारी निभाई।
वहीं व्यापारिक एवं सामाजिक संगठन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में भी वे विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। युवा जिला उपाध्यक्ष और महामंत्री के दायित्वों के बाद वर्तमान में वे चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, कोरिया के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत होने की जानकारी देते हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से प्रथम वर्ष शिक्षित होने के बाद संघ से जुड़े विभिन्न दायित्वों में काम करने के साथ उन्होंने स्वदेशी जागरण मंच में जिला बौद्धिक प्रमुख, जिला संयोजक और वर्तमान में जिला समन्वयक के रूप में जिम्मेदारी निभाने का उल्लेख किया है। इसके अलावा नेहरू युवा केंद्र कोरिया में महानिदेशक प्रतिनिधि, भारत सरकार के दायित्व का निर्वहन करने की बात भी उन्होंने कही है।
भाजपा के कार्यक्रमों में भी सक्रिय भूमिका
वर्तमान में भाजपा जिला मंत्री के रूप में कार्यरत शारदा गुप्ता ने पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में विभिन्न महत्वपूर्ण अभियानों और कार्यक्रमों में जिम्मेदारी निभाने का उल्लेख किया है। इनमें लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर जन्मजयंती वर्ष के सहसंयोजक, जिला सेवा संकल्प अभियान कोरिया के संयोजक, जिला बजट प्रचार अभियान 2026 के सह-संयोजक, छत्तीसगढ़ मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम में बीएलए-1, जिला नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधार टीम के सदस्य तथा भाजपा जिला प्रशिक्षण टोली में सहसंयोजक के साथ प्रशिक्षक एवं विषय वक्ता की जिम्मेदारी शामिल है।
सामान्य सीट ने बढ़ाई दावेदारों की सक्रियता
नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर अध्यक्ष पद सामान्य अनारक्षित मुक्त होने के बाद भाजपा के भीतर संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में शारदा प्रसाद गुप्ता की दावेदारी को उनके समर्थक लंबे संगठनात्मक अनुभव, विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़ाव और पार्टी के प्रति सक्रिय भूमिका के आधार पर मजबूत बता रहे हैं।
शारदा गुप्ता का कहना है कि उन्होंने दो दशक से अधिक समय से सार्वजनिक एवं संगठनात्मक जीवन में सक्रिय रहते हुए विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। पन्ना प्रमुख, बूथ अध्यक्ष और शक्ति केंद्र प्रभारी जैसे जमीनी दायित्वों से लेकर जिला स्तर के संगठनात्मक पदों तक काम करने का अनुभव उनके पास है।
अब उनकी नजर नगर पालिका अध्यक्ष पद पर है। हालांकि अंतिम निर्णय भाजपा संगठन और पार्टी नेतृत्व को करना है, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी के साथ वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात के बाद शारदा गुप्ता का नाम भाजपा के संभावित दावेदारों की चर्चा में प्रमुखता से सामने आया है। चुनाव की तारीख और पार्टी की ओर से प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ बैकुंठपुर की राजनीतिक तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।

