बैकुंठपुर। कोरिया जिले के जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गुप्ता को शिक्षा प्रशासन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य एवं नवाचार के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय शैक्षिक योजना एवं प्रशासन संस्थान (NIEPA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन एवं पुरस्कार समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।
NIEPA, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित संस्थान है। संस्थान द्वारा जिला एवं विकासखंड स्तर के शिक्षा अधिकारियों के नवाचार एवं शिक्षा प्रशासन में अच्छी कार्यप्रणालियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पुरस्कार योजना संचालित की जाती है। इसी योजना के तहत छत्तीसगढ़ से चयनित अधिकारियों में कोरिया के जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गुप्ता का भी चयन किया गया था।
2 एवं 3 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से चयनित शिक्षा अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान शिक्षा प्रशासन में नवाचार, शासकीय शिक्षा व्यवस्था के बेहतर संचालन और विद्यार्थियों तक शिक्षा सेवाओं की प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। इसी कार्यक्रम में चयनित अधिकारियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
NIEPA की ओर से 17 अगस्त 2026 को जारी पत्र में छत्तीसगढ़ से चयनित अधिकारियों की सूची में जिला शिक्षा अधिकारी श्री जितेन्द्र कुमार गुप्ता को Certificate of Appreciation के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने की जानकारी दी गई थी। इसके साथ ही राज्य से ब्लॉक शिक्षा अधिकारी शिवप्रसाद कोसरे को अवार्ड तथा अन्य शिक्षा अधिकारियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र के लिए चयनित किया गया था।
नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्तर के संस्थान द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी जितेन्द्र गुप्ता को मिले इस सम्मान से जिले के शिक्षा विभाग में भी खुशी का माहौल है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनकी इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर जिले के शिक्षा अधिकारी का सम्मानित होना कोरिया की शिक्षा व्यवस्था और जिले में किए जा रहे शैक्षणिक नवाचारों के लिए गौरव की बात है।



