बैकुंठपुर 4 सितंबर। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ रही चिंता के बीच कांग्रेस ने जनजागरण अभियान शुरू किया है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं से संवाद किया और स्मार्ट मीटर के विरोध में फॉर्म भरवाए।
अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोगों से स्मार्ट मीटर को लेकर आ रही समस्याओं और बढ़ते बिजली बिलों की जानकारी ली। उपभोक्ताओं को अपनी आपत्तियां एवं समस्याएं दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई घरों पर ‘महतारी वंदन वसूली मीटर’ लिखे स्टीकर लगाकर स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों को लेकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
‘बिजली मूलभूत जरूरत, अतिरिक्त बोझ नहीं’
ब्लॉक अध्यक्ष आशीष यादव ‘लल्ला’ ने कहा कि बिजली आम आदमी की मूलभूत जरूरत है। सरकार को ऐसी व्यवस्था लागू करनी चाहिए, जिससे उपभोक्ताओं को राहत मिले, न कि उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़े। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों के मन में कई सवाल और आशंकाएं हैं, जिन्हें दूर करना सरकार और बिजली विभाग की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को मजबूती से उठाएगी और उपभोक्ताओं के हितों के लिए लगातार संघर्ष करेगी। यह अभियान केवल विरोध प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार घर-घर पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनकी शिकायतों एवं मांगों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का काम करेंगे।
घर-घर पहुंचकर सुनी समस्याएं
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ते बिजली बिलों से आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में सरकार को उपभोक्ताओं की समस्याओं का निराकरण करते हुए उन्हें राहत देने की दिशा में कदम उठाना चाहिए। जनजागरण अभियान के दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय नागरिकों की भी सहभागिता रही।



