जन्माष्टमी पर गूंजे जयकारे, मटकी फोड़ प्रतियोगिता में दिखा जोश और रोमांच, पहले ही प्रयास में पुरुषों की टोली और उमझर की बालिकाओं ने फोड़ी ऊंचाई पर टंगी मटकी

Chandrakant Pargir


 बैकुंठपुर। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी देवरहा बाबा सेवा समिति के तत्वावधान में मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में पुरुषों, महिलाओं और बालिकाओं की टोलियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता को देखने के लिए भी बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाते नजर आए।



प्रतियोगिता के दौरान काफी ऊंचाई पर मटकी बांधी गई थी, जिसे फोड़ने के लिए प्रतिभागी टीमों ने जमकर प्रयास किया। पुरुषों की टोली ने अपने पहले ही अटेम्प्ट में ऊंचाई पर टंगी मटकी को फोड़कर शानदार सफलता हासिल की। मटकी फूटते ही मौके पर मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई और तालियों व जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा।



वहीं प्रतियोगिता में उमझर गांव की बालिकाओं की टोली ने भी अपने पहले ही प्रयास में मटकी फोड़कर शानदार प्रदर्शन किया। बालिकाओं की इस सफलता ने दर्शकों का खासा उत्साह बढ़ाया। इसके अलावा कई अन्य टीमों ने भी मटकी फोड़ने के लिए तीन-तीन बार मिले अवसरों का पूरा लाभ उठाने का प्रयास किया, लेकिन ऊंचाई और चुनौती के चलते वे मटकी फोड़ने में सफल नहीं हो सकीं। जन्माष्टमी के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ युवाओं और महिलाओं-बालिकाओं में उत्साह, टीम भावना और प्रतियोगिता की भावना को भी बढ़ावा दिया।



#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!