सोनहत। कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम धनपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कक्षा दूसरी की मासूम छात्रा प्रिंसी की मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम पसर गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना को लेकर आक्रोश जताया। बताया जा रहा है कि हादसा शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में अध्ययनरत प्रिंसी सुबह स्कूल जाने के लिए अपने घर से निकली थी। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद वह स्कूल बस की चपेट में आ गई। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और ग्रामीण तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि और अधिकारी पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह, स्थानीय वरिष्ठ नेता गुलाब चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल की जानकारी ली तथा परिजनों और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। हादसे के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
शव पोस्टमार्टम के लिए रखा गया
मृतिका के शव को मर्जुरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम की तैयारी की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने स्कूल बस को अपने कब्जे में ले लिया है।
चालक मौके से फरार
हादसे के बाद स्कूल बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों और हादसे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है। बस चालक की भूमिका तथा स्कूल बस के संचालन से जुड़े सुरक्षा मानकों की भी जांच किए जाने की बात सामने आ रही है।
स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
मासूम छात्रा की मौत के बाद स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों के संचालन में विशेष सतर्कता बरती जानी चाहिए। वाहन चालक की जिम्मेदारी के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा संबंधी नियमों के पालन की नियमित निगरानी भी जरूरी है।
फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा पुलिस जांच के बाद हादसे की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट होंगी। मासूम प्रिंसी की असमय मौत ने परिवार के साथ पूरे धनपुर गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।




