जिला अस्पताल बैकुंठपुर में कायाकल्प का राज्य स्तरीय मूल्यांकन, स्वच्छता से लेकर मरीज सुविधाओं तक टीम ने परखी व्यवस्थाएं, विभिन्न विभागों और वार्डों का किया निरीक्षण

Chandrakant Pargir


 बैकुंठपुर। जिला अस्पताल बैकुंठपुर में गुरुवार को कायाकल्प अभियान के अंतर्गत राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम द्वारा अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया गया। राज्य स्तरीय टीम के जिला अस्पताल पहुंचने पर अस्पताल प्रबंधन एवं कर्मचारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया। इसके बाद कायाकल्प अभियान के निर्धारित मानकों के अनुसार अस्पताल की व्यवस्थाओं और तैयारियों का मूल्यांकन शुरू किया गया।


मूल्यांकन कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल की कार्यप्रणाली और कायाकल्प अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण से हुई। हॉस्पिटल कंसल्टेंट द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रेजेंटेशन में अस्पताल में स्वच्छता एवं हाइजीन, संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, स्वच्छ पेयजल एवं शौचालय व्यवस्था, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पर्यावरण अनुकूल वातावरण, अग्नि सुरक्षा, रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों के संधारण तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी टीम को दी गई।



विभिन्न वार्ड और विभागों का स्थलीय निरीक्षण

प्रस्तुतीकरण के बाद राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम ने जिला अस्पताल के विभिन्न विभागों, वार्डों एवं महत्वपूर्ण स्थानों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल की स्वच्छता एवं सैनिटेशन व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए अपनाए जा रहे प्रोटोकॉल को भी परखा। इसके अलावा बायोमेडिकल वेस्ट के पृथक्करण, संग्रहण एवं निस्तारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

टीम द्वारा मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, दवाओं एवं चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति तथा बिजली व्यवस्था का भी अवलोकन किया गया। वहीं अग्नि सुरक्षा के इंतजाम, आपातकालीन परिस्थितियों में अस्पताल की तैयारियों, रिकॉर्ड एवं दस्तावेजों के संधारण तथा विभिन्न गुणवत्ता मानकों के अनुपालन की भी जांच की गई।




 


स्वच्छ और मरीज-केंद्रित व्यवस्था पर जोर

कायाकल्प मूल्यांकन के दौरान अस्पताल प्रबंधन द्वारा स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को टीम के समक्ष प्रदर्शित किया गया। अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमण नियंत्रण को मजबूत करने, बायोमेडिकल वेस्ट के उचित प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र विकसित करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए गए कार्यों की जानकारी भी दी गई।

राज्य स्तरीय मूल्यांकन कायाकल्प अभियान के तहत अस्पतालों में स्वच्छता, गुणवत्ता, संक्रमण नियंत्रण और मरीजों की सुविधाओं सहित विभिन्न निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाता है। इसी क्रम में बैकुंठपुर जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का टीम द्वारा बारीकी से अवलोकन किया गया।

अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद

मूल्यांकन के दौरान CMHO डॉ. प्रशांत सिंह, सिविल सर्जन डॉ. आयुष जायसवाल, RMO डॉ. कार्तिकेय सिंह, BMO डॉ. अनित बक्सला (पोड़ी बचरा) सहित अस्पताल के विभिन्न वार्डों के प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने टीम को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के साथ निरीक्षण में सहयोग किया।



राज्य स्तरीय मूल्यांकन टीम में डॉ. टी.के. टोंडर, उप संचालक संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, डॉ. नेतराम बेक, उप संचालक संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, आनंद साहू कार्यक्रम प्रबंधक एनएचएम, महेश सिंह राज्य सलाहकार एनएचएम, आसिम एक्का संभागीय सलाहकार एनएचएम तथा डॉ. उरया नाग HSO-WHO रायपुर शामिल रहे।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कायाकल्प मूल्यांकन कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। निरीक्षण के माध्यम से अस्पताल में स्वच्छता, मरीज सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक पहलुओं का भी अवलोकन किया गया। राज्य स्तरीय टीम के निरीक्षण के साथ जिला अस्पताल बैकुंठपुर का कायाकल्प मूल्यांकन कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!