बैकुंठपुर। ग्राम पंचायत जगतपुर के दूरस्थ आश्रित वन ग्राम बारबांध के ग्रामीणों ने अगस्त माह का राशन वितरित नहीं किए जाने का आरोप लगाते हुए कलेक्टर के जनदर्शन में शिकायत की है। ग्रामीणों ने वर्तमान पीडीएस डीलर की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए उसे हटाकर नया डीलर नियुक्त करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार बारबांध गांव जगतपुर स्थित पीडीएस भवन से करीब 7 किलोमीटर दूर पहाड़ी क्षेत्र में स्थित है। ऐसे में ग्रामीणों को राशन लेने के लिए जगतपुर आने-जाने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी समस्या को देखते हुए करीब 10 वर्षों से राशन को पंचायत की व्यवस्था से बारबांध तक पहुंचाकर वहीं वितरण किए जाने की व्यवस्था चल रही थी। पंचायत द्वारा राशन के परिवहन के लिए वाहन की व्यवस्था की जाती है, जबकि डीलर की जिम्मेदारी बारबांध पहुंचकर राशन वितरण करने की होती है।
अगस्त का राशन नहीं मिला, इंतजार करते रह गए हितग्राही
शिकायत में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि वर्तमान डीलर द्वारा बारबांध में राशन वितरण को लेकर लगातार अलग-अलग कारण बताए जाते हैं। इसके चलते अगस्त माह में बारबांध में राशन का वितरण नहीं हो सका और हितग्राही राशन मिलने की उम्मीद में इंतजार करते रह गए। राशन नहीं मिलने के कारण कई परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया है कि डीलर का कुछ हितग्राहियों के साथ व्यवहार ठीक नहीं रहता और आए दिन कहासुनी एवं दुर्व्यवहार की स्थिति बनती है। इससे ग्रामीण वर्तमान डीलर की कार्यशैली से असंतुष्ट हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर से मामले की जांच कराने, अगस्त माह का लंबित राशन तत्काल दिलाने तथा वर्तमान डीलर को हटाकर नया डीलर नियुक्त करने की मांग की है। आवेदन पर बड़ी संख्या में हितग्राहियों के हस्ताक्षर भी बताए गए हैं।

