मुख्य सड़क चौड़ीकरण के समर्थन में वक्फ कमेटी, कहा- जरूरत पड़ी तो दुकानें हटाने को तैयार

Chandrakant Pargir


 बैकुंठपुर, 1 सितंबर 2026। बैकुंठपुर नगर के मुख्य मार्ग के प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण को लेकर अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन वक्फ कमेटी ने प्रशासन से कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की है। कमेटी ने कलेक्टर को 18 अगस्त को पत्र सौंपकर कहा है कि सड़क चौड़ीकरण शहर के भविष्य और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए बेहद जरूरी है। वर्तमान में चौड़ीकरण के लिए नपाई की कार्रवाई चल रही है, जिसे जल्द आगे बढ़ाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाना चाहिए।



कमेटी ने अपने पत्र में बताया कि मुख्य सड़क के किनारे मस्जिद के सामने उसकी करीब 16-17 दुकानें संचालित हैं। इन दुकानों से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग मस्जिद के रखरखाव, मरम्मत तथा धार्मिक और सामाजिक कार्यों में किया जाता है। इसके बावजूद कमेटी ने स्पष्ट किया है कि यदि उसकी कोई दुकान या निर्माण प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण की निर्धारित जद में आता है तो वह विकास कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं डालेगी।


कमेटी ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि जरूरत पड़ने पर नियमानुसार उसकी दुकानों को भी हटाकर सड़क चौड़ीकरण किया जा सकता है। कमेटी का कहना है कि बढ़ती आबादी और वाहनों की संख्या को देखते हुए मुख्य सड़क का चौड़ीकरण आवश्यक है। इससे यातायात सुगम होगा, जाम और दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी तथा पैदल राहगीरों को भी सुविधा मिलेगी। बाजार क्षेत्र में आवागमन बेहतर होने से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ एम्बुलेंस और अग्निशमन जैसे आपातकालीन वाहनों को भी आवागमन में सुविधा होगी।


वक्फ कमेटी ने कलेक्टर से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर चौड़ीकरण की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने का आग्रह किया है। कमेटी ने कहा है कि शहर के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था के लिए वह शासन-प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!