उफनती बनास में जान जोखिम में डालकर छलांग लगा रहे युवा, पुल से नदी में कूदने का वीडियो सामने आया, ऊपर खड़े लोग बजा रहे तालियां; हादसे की आशंका

Chandrakant Pargir


 भरतपुर/जनकपुर। एमसीबी जिले के भरतपुर तहसील क्षेत्र में इन दिनों लगातार बारिश के चलते बनास नदी पूरे उफान पर है। नदी में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद कुछ युवा अपनी जान जोखिम में डालकर पुल से नीचे नदी में छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवा पुल से उफनती नदी में छलांग लगाने के बाद तेज बहाव के बीच काफी दूर तक बहते हुए दिखाई देते हैं और फिर किसी तरह नदी से बाहर निकलते हैं। वहीं पुल के ऊपर खड़े लोग इस खतरनाक करतब को देखकर तालियां बजाते नजर आ रहे हैं।


बारिश के मौसम में बनास नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ ही उसका बहाव भी काफी तेज हो गया है। ऐसे में नदी में छलांग लगाना बेहद जोखिम भरा है। तैराकी में माहिर व्यक्ति भी तेज बहाव में अपना नियंत्रण खो सकता है और पानी के साथ बहकर गहरे हिस्से में जा सकता है। नदी में चट्टानों, गड्ढों और पानी के भीतर दिखाई नहीं देने वाली बाधाओं के कारण भी हादसे की आशंका बनी रहती है। इसके बावजूद युवाओं द्वारा इसे मनोरंजन और रोमांच का हिस्सा बनाकर जान जोखिम में डाली जा रही है।




लगातार बढ़ रही डूबने की घटनाएं, फिर भी लापरवाही

बारिश के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में नदी, नाले और जलाशयों में डूबने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। कई बार लोगों की छोटी सी लापरवाही परिवार के लिए जिंदगी भर का दुख बन जाती है। ऐसे में उफनती बनास नदी में पुल से छलांग लगाने की घटना को गंभीरता से लेने की जरूरत है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाने के साथ ही युवाओं को नदी में जाने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।




घोवताल की पहाड़ियों से निकलती है बनास

बनास नदी जनकपुर क्षेत्र की घोवताल की पहाड़ियों से निकलती है। यह नदी भरतपुर क्षेत्र से होते हुए आगे मध्यप्रदेश में प्रवेश करती है और अंततः सोन नदी में जाकर मिलती है। बारिश के दिनों में नदी का स्वरूप बेहद खतरनाक हो जाता है। ऐसे में स्थानीय लोगों और नदी देखने पहुंचने वाले पर्यटकों से अपील है कि वे तेज बहाव के दौरान नदी में उतरने या पुल से छलांग लगाने जैसी जानलेवा गतिविधियों से बचें।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!