बैकुंठपुर में कल लगेगा साइंस कॉन्फ्रेंस, वैज्ञानिक डॉ. सौमित्र बनर्जी करेंगे छात्र-छात्राओं से संवाद

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने, तार्किक एवं वैज्ञानिक चिंतन को बढ़ावा देने और नवाचारी सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ब्रेकथ्रू साइंस सोसाइटी कोरिया द्वारा सोमवार 7 सितंबर को बैकुंठपुर में साइंस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन का विषय “एक बेहतर समाज के निर्माण के लिए विज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण की आवश्यकता” रखा गया है। कार्यक्रम शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगा।


सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. सौमित्र बनर्जी, पूर्व डायरेक्टर, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च (IISER) कोलकाता एवं शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार से सम्मानित वैज्ञानिक, शामिल होंगे। वे छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विज्ञान प्रेमियों से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में अंधविश्वास, कुरीतियों एवं कुप्रथाओं के प्रति वैज्ञानिक चेतना, जलवायु परिवर्तन, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं के वैज्ञानिक कारणों एवं समाधान जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।


आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए वैज्ञानिक से सीधे संवाद करने और विज्ञान से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को समझने का विशेष अवसर है। सम्मेलन का उद्देश्य केवल विज्ञान की जानकारी देना नहीं, बल्कि “मानवता के लिए विज्ञान, समाज के लिए विज्ञान और सोच में विज्ञान” की भावना को मजबूत करना है। आयोजन समिति ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं विज्ञान प्रेमियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!