बैकुंठपुर । एमसीबी जिले के बरबसपुर बाजार में शुक्रवार शाम करीब 7 बजे अचानक हुई चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। बाजार में मौजूद लोहारी निवासी विष्णु पर अमा डांड़ निवासी सोहन ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में विष्णु की पीठ और हाथ में चोट आई है। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल संभाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल कोरिया पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घायल विष्णु के साथ मौजूद अनिकेत के मुताबिक वे दोनों बाजार में थे। इसी दौरान टोल नाका के आगे अमा डांड़ निवासी सोहन वहां पहुंचा और विष्णु से मुकेश नाम के व्यक्ति के बारे में पूछने लगा। विष्णु ने मुकेश के संबंध में जानकारी होने से इनकार किया, जिसके बाद सोहन ने कथित तौर पर पीछे से चाकू से वार कर दिया। पीठ में चाकू लगने के बाद विष्णु जैसे ही पलटा, आरोपी ने उसके हाथ पर भी चाकू से हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले के बाद बाजार में मौजूद लोगों ने घायल विष्णु को संभाला और अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपी सोहन की तलाश कर रही है। फिलहाल चाकूबाजी के पीछे की वजह क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना को लेकर पुलिस द्वारा घायल और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी लिए जा रहे हैं।

