सेंट जोसेफ स्कूल के छात्र सूर्यांश पाण्डेय ने रचा इतिहास, इंटरनेशनल हिंदी ओलंपियाड में हासिल की इंटरनेशनल रैंक-1

Chandrakant Pargir

 


बैकुंठपुर। प्रतिभा, मेहनत और अनुशासन का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बैकुंठपुर के शकुंतला कॉलोनी निवासी तथा सेंट जोसेफ स्कूल के कक्षा 10वीं के छात्र सूर्यांश पाण्डेय ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में उन्होंने सिल्वरज़ोन ओलंपियाड फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित अखिल भारतीय हिंदी ओलंपियाड में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त करते हुए इंटरनेशनल रैंक-1 हासिल की है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत सहित कई देशों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनके बीच सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर सूर्यांश ने न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे कोरिया जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है।



सूर्यांश ने हिंदी ओलंपियाड में 100 में से 100 अंक प्राप्त कर यह साबित किया कि निरंतर अध्ययन, लगन और सही मार्गदर्शन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। शिक्षा के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

सूर्यांश ने बोर्ड परीक्षाओं में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। हाल ही में घोषित सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम में उन्होंने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय के मेधावी छात्रों में अपना स्थान बनाया। बोर्ड परीक्षा और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन ने उन्हें एक ऑलराउंडर विद्यार्थी के रूप में स्थापित किया है।



सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि विज्ञान, अंग्रेजी और सामाजिक अध्ययन जैसे विषयों की विभिन्न ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में भी सूर्यांश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 पदक अपने नाम किए हैं। उनकी यह उपलब्धि दर्शाती है कि वे किसी एक विषय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि सभी विषयों में समान रूप से दक्षता रखते हैं।


शिक्षा के साथ-साथ सूर्यांश की रुचि संगीत के क्षेत्र में भी है। वे गायन कला में निपुण होने के साथ-साथ विभिन्न वाद्य यंत्रों के वादन में भी अच्छी पकड़ रखते हैं। पढ़ाई और संगीत दोनों के बीच संतुलन बनाकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करना उनकी बहुमुखी प्रतिभा का परिचायक है। उनका मानना है कि शिक्षा और कला दोनों का समन्वय व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।


सूर्यांश की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सेंट जोसेफ स्कूल परिवार में खुशी का माहौल है। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने उन्हें सम्मानित करते हुए कहा कि सूर्यांश शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और जिज्ञासु विद्यार्थी रहे हैं। उनकी सफलता निरंतर परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का परिणाम है। विद्यालय ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी सूर्यांश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों को छुएंगे।

अपनी सफलता पर सूर्यांश ने इसका श्रेय अपनी माता श्रीमती प्रियंका पाण्डेय, पिता श्री अमरेश पाण्डेय, विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा अपने नियमित अध्ययन, निरंतर अभ्यास और दृढ़ संकल्प को दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षकों के विश्वास तथा प्रेरणा ने उन्हें हमेशा बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

सूर्यांश पाण्डेय की इस उपलब्धि से उनके परिवार, विद्यालय, मित्रों और पूरे बैकुंठपुर क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। क्षेत्र के शिक्षाविदों और गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी यह सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी उदाहरण बन गई है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!